फगवाड़ा , अक्टूबर 08 -- पंजाब में फगवाड़ा के जेसीटी मिल कर्मचारियों के वर्षों से लंबित भविष्य निधि (ईपीएफ) बकाये का भुगतान करीब दो सप्ताह में शुरू होने की उम्मीद है।

सांसद डॉ. राज कुमार चब्बेवाल ने गुरुवार को कर्मचारियों के साथ बैठक में यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार जेसीटी कर्मचारियों के लंबित मामलों के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है और वह स्वयं इस प्रक्रिया की निगरानी कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन ने कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (ईपीएफओ), समाधान पेशेवर और अन्य संबंधित पक्षों के अधिकारियों की एक समिति गठित की है।

समिति ने कर्मचारियों के सेवा रिकॉर्ड और भविष्य निधि खातों का मिलान करने के साथ अंशदान का सत्यापन तथा वर्षों से लंबित विसंगतियों को दूर करने का काम पूरा कर लिया है।

अतिरिक्त उपायुक्त रणदीप सिंह हीर ने बताया कि जेसीटी ट्रस्ट ने कर्मचारियों के भविष्य निधि बकाये के लिए ईपीएफओ के पास करीब 124 करोड़ रुपये जमा कराए हैं। इसमें से करीब 81 करोड़ रुपये फगवाड़ा इकाई से संबंधित हैं और इससे लगभग 24,000 कर्मचारियों को लाभ मिलने की उम्मीद है।उन्होंने कहा कि प्रत्येक कर्मचारी को देय राशि के सत्यापन सहित कर्मचारीवार प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। ईपीएफओ जल्द ही संबंधित विवरण अपने पोर्टल पर अपलोड करेगा, जिसके बाद पात्र कर्मचारियों के पीएफ खातों में बकाया राशि जमा होनी शुरू हो जाएगी। कर्मचारी निर्धारित प्रक्रिया के तहत संबंधित प्राधिकरण से आवेदन कर अपनी पात्र राशि निकाल सकेंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित