लखनऊ , मई 28 -- उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री और बहुजन समाज पार्टी ( बसपा) की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने ग्रेटर नोएडा के जेवर में नाबालिग की हत्या और हमीरपुर में निर्माणाधीन पुल गिरने से मजदूरों की मौत पर प्रदेश सरकार से कड़ी कार्रवाई और पीड़ितों को मदद देने की मांग की है।
अपने बयान में मायावती ने कहा कि यू.पी. के ग्रेटर नोएडा के जेवर में की गई लगभग 15 वर्ष के गोपाल शर्मा की हत्या अति दुःखद व चिन्ताजनक है। उन्होंने सरकार से इस घटना की उच्च-स्तरीय जांच कराने और सभी अभियुक्तों को कड़ी सजा दिए जाने की मांग की। उन्होंने हमीरपुर में कल निर्माणाधीन पुल के गिरने से कई मजदूरों की हुई मौत के प्रकरण को भी सरकार से गम्भीरता से लेने को कहा।
मायावती ने कहा कि सरकार मृतकों के आश्रितों को उचित आर्थिक मदद दे और घायलों का भी विशेष ध्यान रखा जाए। बसपा ने यह मांग भी उठाई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित