ग्रेटर नोएडा , फरवरी 05 -- उत्तर प्रदेश में गौतमबुद्धनगर जिला के ग्रेटर नोएडा जेवर थाना क्षेत्र में घरेलू विवाद के दौरान एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक युवक ने अपनी ही मां की हत्या कर दी। मृतका की पहचान 55 वर्षीय रुक्मिणी देवी पत्नी वीरेंद्र सिंह के रूप में हुई है।

पुलिस ने हत्यारोपी बेटे को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने कहा कि ग्रेटर नोएडा जेवर थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि एक महिला के साथ विवाद के चलते बेटे ने अपनी मां पर बर्तन से वार कर घायल कर दिया, तथा घायल महिला को उपचार के लिए परिजन नजदीकी अस्पताल ले गए, पुलिस द्वारा प्रकरण का संज्ञान लेकर तुरंत मौके पर पहुंची और कार्रवाई की गई।

पुलिस ने कहा कि आरोपी कृष्ण कुमार पुत्र वीरेंद्र सिंह मानसिक रूप से अस्वस्थ है और पिछले कई वर्षों से उसका इलाज चल रहा था। गत बुधवार को किसी बात को लेकर उसका अपनी मां से झगड़ा हो गया। विवाद के दौरान कृष्ण कुमार ने परात से हमला कर अपनी मां को गंभीर रूप से घायल कर दिया।

परिजनों द्वारा घायल महिला को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।

पुलिस ने आरोपी कृष्ण कुमार को हिरासत में ले लिया है। मामले में मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है और अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित