लखनऊ , मई 27 -- उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जेवर अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के संचालन से पहले 15 जून तक सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश दिए। एयरपोर्ट तक पहले चरण में 110 इलेक्ट्रिक बसें चलेंगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यीडा क्षेत्र में कुल 500 ई-बसों के संचालन की समीक्षा भी हुई। प्रदेश में अभी 15.5 लाख इलेक्ट्रिक वाहन पंजीकृत हैं और 2030 तक 10 हजार चार्जिंग स्टेशन बनाने का लक्ष्य है, जिनमें से 2500 चालू हो चुके हैं।
उन्होंने कहा कि एक्सप्रेसवे बेहतर कनेक्टिविटी देकर निवेश और रोजगार को गति देंगे। फर्रुखाबाद लिंक एक्सप्रेसवे के लिए 55 प्रतिशत भूमि मिल चुकी है। उन्होंने आगरा-लखनऊ-पूर्वांचल लिंक, जेवर लिंक और झांसी लिंक एक्सप्रेसवे की आवश्यक भूमि का अधिग्रहण जून अंत तक पूरा करने को कहा। मेरठ-हरिद्वार एक्सप्रेसवे का एलाइनमेंट मंजूर है।
मुख्यमंत्री ने निवेश परियोजनाओं में देरी स्वीकार नहीं करने और लंबित मामले जल्दी निपटाने के निर्देश दिए। मल्टी मॉडल लॉजिस्टिक हब के लिए 323 हेक्टेयर में से 301 हेक्टेयर पर कब्जा मिल चुका है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित