धार , जून 01 -- मध्यप्रदेश के धार जिला जेल में आपसी रंजिश के चलते एक विचाराधीन बंदी पर धारदार वस्तु से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। घायल बंदी को उपचार के बाद पुनः जेल भेज दिया गया है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार 30 मई को जिला जेल की बैरक में बंद विचाराधीन बंदी बादल पर दूसरे बंदी राजा ने धारदार वस्तु से हमला कर दिया। हमले में बादल गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद जेल प्रशासन ने उसे तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार किया गया।

कोतवाली थाना पुलिस ने बताया कि दोनों बंदी लूट के मामलों में जेल में निरुद्ध हैं। घायल बंदी की शिकायत पर आरोपी के विरुद्ध जानलेवा हमले का प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

घटना के बाद जेल की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हुए हैं। जांच का विषय यह है कि प्रतिबंधित धारदार वस्तु जेल परिसर के भीतर कैसे पहुंची। पुलिस और जेल प्रशासन मामले की विस्तृत जांच कर रहे हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित