जालौन , अगस्त 28 -- उत्तर प्रदेश के जालौन जिले में शुक्रवार को जिला कारागार उरई में निरुद्ध सजायाफ्ता और विचाराधीन बंदियों के लिए रक्षाबंधन पर्व पर विशेष मुलाकात की व्यवस्था की गई है। रक्षाबंधन के अवसर पर बंदियों की उनकी बहनों और परिजनों से मुलाकात कराने के लिए कारागार प्रशासन ने व्यापक इंतजाम किए हैं।

जेल अधीक्षक प्रशांत मौर्य ने बताया कि रक्षाबंधन पर पुरुष बंदियों से केवल उनकी बहनें और बच्चे ही मुलाकात कर सकेंगे। पुरुष बंदियों से पुरुषों की मिलाई पर प्रतिबंध रहेगा। वहीं कारागार में निरुद्ध महिला बंदियों के भाइयों को भी उनसे मुलाकात कराने की व्यवस्था की गई है। महिला बंदियों के साथ दो बच्चे भी रह रहे हैं।

उन्होंने बताया कि सुबह नौ बजे से शाम चार बजे तक महिला और पुरुष बंदियों की उनके परिजनों से मुलाकात कराई जाएगी। इस दौरान बहनें अपने भाइयों की कलाई पर राखी बांध सकेंगी और त्योहार की रस्म पूरी कर सकेंगी।

जेल अधीक्षक के अनुसार, बंदियों के परिजनों की सुविधा को देखते हुए कारागार के अंदर और बाहर टेंट लगाए गए हैं। मुलाकात के दौरान पीने के पानी समेत अन्य आवश्यक सुविधाओं की भी व्यवस्था की गई है।

श्री मौर्य ने बताया कि बंदियों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए जेल में खुली मिठाई लाने पर प्रतिबंध रहेगा। हालांकि पैक्ड मिठाई के डिब्बे लाने की अनुमति होगी। बहनें अपने भाइयों के लिए बेसन से बनी सोनपापड़ी जैसी मिठाई, रोली और चंदन भी ला सकेंगी।

उन्होंने बताया कि ऐसे गरीब बंदी जिनसे रक्षाबंधन पर मिलने कोई परिजन नहीं आएगा, उनके लिए कारागार प्रशासन की ओर से मिठाई की व्यवस्था की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित