जयपुर , जुलाई 10 -- राजस्थान में नशीले पदार्थ तस्करों की आर्थिक कमर तोड़ने के उद्देश्य से चलाये जा रहे ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत प्रतापगढ़ पुलिस ने कुख्यात तस्कर घनश्याम कलाल की करीब एक करोड़ चार लाख रुपये की अवैध संपत्तियों पर फ्रीजिंग नोटिस जारी किये हैं।

प्रतापगढ़ पुलिस अधीक्षक बी आदित्य के अनुसार एनडीपीएस एक्ट की धारा 68-एफ(1) के तहत ये नोटिस जारी किये हैं। उन्होंने बताया कि अरनोद थानाधिकारी शिवलाल ने आरोपी घनश्याम की मादक पदार्थ तस्करी से अर्जित चल एवं अचल संपत्तियों की वित्तीय जांच कर फ्रीजिंग का प्रस्ताव तैयार किया, जिसे भारत सरकार की अधिकृत कंपिटेंट अथॉरिटी एवं एडमिनिस्ट्रेटर, सफेमा (एफओपी) एवं एनडीपीएस एक्ट नयी दिल्ली को भेजा गया। प्राधिकरण द्वारा प्रस्ताव स्वीकार किये जाने के बाद शुक्रवार को आरोपी के विरुद्ध फ्रीजिंग नोटिस जारी किये गये तथा संपत्तियों पर बोर्ड लगाकर संबंधित विभागों को सूचित कर दिया गया।

यह कार्रवाई वर्ष 2023 में दर्ज एक बड़े एनडीपीएस प्रकरण से जुड़ी है। 22 दिसंबर 2023 को प्रतापगढ़ पुलिस ने गांव संचई के पास एक दुर्घटनाग्रस्त वाहन से 492.850 किलोग्राम डोडा चूरा बरामद किया गया , जिससमें घनश्याम कलाल का नाम सामने आया था। जांच में सामने आया कि घनश्याम कलाल ने मादक पदार्थों की तस्करी से अर्जित अवैध कमाई से अपनी पत्नी के नाम ग्राम रिछा में करीब 60 लाख रुपये का आलीशान मकान बनवाया। इसके अलावा ग्राम पड़ुनी में अपने नाम 40 लाख रुपये का फार्महाउस तथा करीब 4 लाख रुपये की मारुति सुजुकी ऑल्टो कार खरीदी। इन सभी संपत्तियों का कुल वर्तमान बाजार मूल्य लगभग एक करोड़ चार लाख रुपये आंका गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित