रायपुर , जनवरी 12 -- सरकारी खरीदी व्यवस्था में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से उच्च शिक्षा विभाग ने सोमवार को कड़ा कदम उठाया है। जैम पोर्टल के माध्यम से सामग्री खरीद में वित्तीय अनियमितताओं और प्रक्रिया उल्लंघन के आरोपों के बाद विभाग ने पांच अधिकारी-कर्मचारियों को आज निलंबित कर दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह मामला प्रधानमंत्री उषा योजना अंतर्गत आवंटित राशि के उपयोग से जुड़ा हुआ है। विभागीय जांच में यह तथ्य सामने आया कि सामग्री क्रय के दौरान छत्तीसगढ़ भंडार क्रय नियमों का पालन नहीं किया गया और निर्धारित प्रक्रिया को दरकिनार कर खरीदी की गई जिससे शासन को आर्थिक नुकसान पहुंचा।
जांच के घेरे में आए सभी अधिकारी-कर्मचारी नारायणपुर स्थित नवीन वीरांगना रमोतिन माड़िया शासकीय आदर्श महिला महाविद्यालय में पदस्थ थे। विभाग ने निलंबन अवधि के दौरान सभी का मुख्यालय क्षेत्रीय अपर संचालक, उच्च शिक्षा कार्यालय जगदलपुर निर्धारित किया है। निलंबित कर्मियों को नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता देय होगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित