लखनऊ , अगस्त 31 -- उत्तर प्रदेश ने सार्वजनिक खरीद व्यवस्था में बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए सरकारी ई-मार्केटप्लेस (जेम) पर स्थापना से अब तक एक लाख करोड़ रुपये से अधिक की खरीद दर्ज की है। वर्ष 2017 में शुरू हुए जेम पर राज्यों की कुल खरीद में उत्तर प्रदेश की हिस्सेदारी 30 प्रतिशत से अधिक है।
उत्तर प्रदेश को इस उपलब्धि के लिए राष्ट्रीय स्तर पर भी सम्मान मिला है। 10 अगस्त को नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम में आयोजित जेम के 10वें स्थापना दिवस समारोह में केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने प्रदेश को सार्वजनिक खरीद के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए तीन राष्ट्रीय पुरस्कार प्रदान किए। इनमें जेम ओवरऑल एक्सीलेंस अवार्ड, हाईएस्ट जेम प्रोक्योरमेंट वैल्यू और बेस्ट आउटरीच बिल्डिंग अवार्ड शामिल हैं। पुरस्कार उत्तर प्रदेश शासन के प्रमुख सचिव शशिभूषण लाल सुशील ने प्राप्त किए।
प्रदेश सरकार के अनुसार, जेम के व्यापक इस्तेमाल से सरकारी खरीद प्रक्रिया में पारदर्शिता, प्रतिस्पर्धा, दक्षता और जवाबदेही बढ़ी है। डिजिटल व्यवस्था ने पारंपरिक खरीद प्रक्रियाओं की जटिलताओं को कम करने के साथ ही अधिक विक्रेताओं को सरकारी बाजार में भाग लेने का अवसर दिया है। इससे सरकारी संस्थानों को प्रतिस्पर्धी कीमतों पर गुणवत्तापूर्ण वस्तुएं और सेवाएं उपलब्ध कराने में मदद मिली है।
सरकार का कहना है कि एक लाख करोड़ रुपये से अधिक की खरीद डिजिटल खरीद व्यवस्था में विभागों और सार्वजनिक संस्थानों के बढ़ते भरोसे को दर्शाती है। साथ ही छोटे और स्थानीय कारोबारियों को सरकारी बाजार से जोड़ने पर भी जोर दिया गया है। जेम के माध्यम से प्रदेश के एमएसएमई, महिला उद्यमियों, अनुसूचित जाति-जनजाति वर्ग के उद्यमों और स्टार्टअप को सरकारी खरीद में भागीदारी के अवसर मिले हैं। डिजिटल मंच के जरिए छोटे उद्यम देशभर के सरकारी खरीदारों तक पहुंच बना पा रहे हैं।
प्रदेश में जेम के प्रभावी इस्तेमाल के लिए अधिकारियों और अन्य हितधारकों के प्रशिक्षण तथा क्षमता निर्माण पर भी जोर दिया गया है। इसी प्रयास को राष्ट्रीय स्तर पर आउटरीच और क्षमता निर्माण के पुरस्कार के जरिए पहचान मिली है। सरकार के अनुसार, जेम के साथ बेहतर समन्वय के जरिए सार्वजनिक खरीद को और अधिक सरल, पारदर्शी, समावेशी और परिणाम आधारित बनाने का प्रयास जारी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित