पटना , जून 25 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने गुरुवार को आपातकाल की वर्षगांठ के अवसर पर कहा कि लोकनायक जयप्रकाश नारायण (जेपी) के संघर्ष और सत्ता विरोधी आंदोलन को वह नमन करते हैं, जिसकी वजह से लोकतंत्र की रक्षा का संदेश देश भर में गया था।

श्री नड्डा ने आज महिला चरखा समिति, कदमकुआँ, पटना स्थित लोकनायक जयप्रकाश नारायण की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया तथा उनके आवास परिसर में लगी प्रदर्शनी का अवलोकन कर उनके संघर्षपूर्ण जीवन, लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति समर्पण और आपातकाल के खिलाफ उनके ऐतिहासिक आंदोलन को स्मरण किया।

केंद्रीय मंत्री नड्डा ने इस अवसर पर कहा कि लोकनायक जयप्रकाश नारायण भारतीय लोकतंत्र के ऐसे महानायक थे, जिन्होंने सत्ता के दमन, तानाशाही प्रवृत्ति और लोकतांत्रिक संस्थाओं पर हो रहे हमलों के विरुद्ध पूरे देश को एकजुट करने का ऐतिहासिक कार्य किया। उन्होंने कहा कि आपातकाल भारतीय लोकतंत्र के इतिहास का एक काला अध्याय था, जब अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर पहरा बैठा दिया गया, विपक्ष की आवाज को दबाया गया और संविधान की मूल भावना को आघात पहुंचाया गया। ऐसे कठिन समय में लोकनायक जयप्रकाश नारायण ने लोकतंत्र की रक्षा के लिए जो संघर्ष किया, वह आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित