रांची , अगस्त 06 -- झारखंड विधानसभा मानसून सत्र के पहले दिन सदन की कार्यवाही शुरू होने से पहले एनडीए के विधायकों ने जेपीएससी और जेएसएससी के मुद्दे को लेकर jजबरदस्त प्रदर्शन किया।
हाथों में तख्ती लेकर एनडीए के विधायकों ने जेपीएससी मुद्दे पर छात्रों का चल रहे आंदोलन का समर्थन करते हुए सीबीआई जांच की मांग की। साथ इस मामले में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से इस्तीफे की भी मांग की।
विधानसभा परिसर में जारी इस आंदोलन में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, भाजपा के मुख्य सचेतक नवीन जायसवाल, भाजपा विधायक नीरा यादव, विधायक उज्जवल दास , लोजपा विधायक जनार्दन पासवान, अमित यादव, आजसू विधायक निर्मलमहतो सहित कई विधायक शामिल थे।
इस मौके पर भाजपा विधायक नीरा यादव ने कहा कि जेपीएससी और जेएसएससी में जिस तरह से गड़बड़ियां सामने आ रही है और छात्र आंदोलनरत हैं, ऐसे में सरकार सीआईडी से जांच कर इस मामले का लीपापोती करने में जुटी है। इस मामले में सीबीआई से जांच हो और 14 वीं जेपीएससी सिविल सेवा पीटी परीक्षा को रद्द करते हुए मुख्यमंत्री को इस्तीफा देना चाहिए।
विपक्ष के द्वारा मुख्यमंत्री का इस्तीफा मांगे जाने पर मंत्री सुदिव्य सोनू ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि जिस तरह से भाजपा के शासनकाल में गड़बड़ियां सामने आई थी, सबसे पहले उन्हें अपने रिश्तेदारों का इस्तीफा दिलाना चाहिए। इस मामले में सीबीआई की चल रही जांच का फलाफल क्या निकला यह सब कोई जानता है। ऐसे में विपक्ष इसपर राजनीति न करे। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार छात्रों की मांग पर सहानुभूति पूर्वक विचार कर रही है। इस मामले में सरकार ने मंत्रियों को जिम्मेदारी दी है और आंदोलनरत छात्रों से आज वार्ता होने की संभावना है। जल्द ही हमलोग ठोस नतीजे पर निकलेंगे। मंत्री श्री कुमार ने कहा कि सरकार इस मामले में पूरी गंभीरता से काम कर रही है और जांच एजेंसी अपना काम कर रहा है। हम छात्रों के साथ हैं। उनके साथ किसी भी तरह का अन्याय नहीं होगा।
वहीं सदन के अंदर बाबूलाल मरांडी ने कहा कि जेपीएससी और जेएसएससी परीक्षाओं में नौकरी बेचे जाने के विरोध में झारखंड के छात्र पिछले दो सप्ताह से लगातार आंदोलन कर रहे हैं। लेकिन छात्रों की सीबीआई जांच की मांग पर अनुशंसा करने के बजाय मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और राहुल गांधी ने अब तक चुप्पी साध रखी है। इसी चुप्पी के विरोध में आज सदन के भीतर हमने मास्क पहनकर प्रतीकात्मक विरोध दर्ज कराया।
श्री मरांडी ने कहा कि जब तक सरकार जेपीएससी और जेएसएससी में हुए धांधली की सीबीआई जांच की अनुशंसा नहीं करती, तब तक भाजपा का संघर्ष सदन से सड़क तक लगातार जारी रहेगा। झारखंड के छात्रों के साथ अन्याय किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित