रांची , जुलाई 29 -- झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने जेपीएससी और जेएसएससी में व्याप्त भ्रष्टाचार के खिलाफ हेमंत सरकार पर बड़ा निशाना साधा है।

श्री मरांडी ने कहा कि जेपीएससी और जेएसएससी में व्याप्त भ्रष्टाचार ने झारखंड के लाखों युवाओं की मेहनत, उनके सपनों और भविष्य को बर्बाद कर दिया है। राज्य के अभ्यर्थी लगातार निष्पक्ष जांच और न्याय की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे हैं, लेकिन मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की चुप्पी बेहद शर्मनाक है।

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन सीधे तौर पर भर्ती प्रक्रिया में हुए भ्रष्टाचार को संरक्षण दे रहे हैं। दोषियों पर कठोर कार्रवाई करने के बजाय उन्हें बचाने का प्रयास किया जा रहा है। यहां तक कि सीआईडी का इस्तेमाल कर न्यायालय में तथ्यों को कमजोर करने और सबूतों को दबाने की कोशिश की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित