रांची , जुलाई 30 -- जेपीएससी और जेएसएससी अभ्यर्थियों का विभिन्न मांगों को लेकर चल रहा अनिश्चितकालीन धरना गुरुवार को छठे दिन भी जारी रहा।
मोरहाबादी स्थित बापू वाटिका से शुरू हुआ आंदोलन अब जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम पहुंच गया है, जहां बड़ी संख्या में अभ्यर्थी टेंट लगाकर धरने पर बैठे हैं।
धरनारत छात्रों ने स्पष्ट कहा कि सरकार उनकी मांगों पर ठोस और सकारात्मक निर्णय लेने तक आंदोलन जारी रहेगा। उनका कहना है कि यह आंदोलन पूरी तरह छात्रों के हितों के लिए है और इसका मंच किसी भी राजनीतिक दल का नहीं होगा। हालांकि, छात्रों की मांगों का नैतिक समर्थन करने वाले राजनीतिक दलों, जनप्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों का स्वागत किया जाएगा।
छात्र नेताओं ने कहा कि आंदोलन का संचालन केवल छात्र ही करेंगे और किसी भी राजनीतिक दल को मंच साझा करने की अनुमति नहीं दी जाएगी। उन्होंने सभी विपक्षी दलों, सामाजिक संगठनों और जनप्रतिनिधियों से छात्रों के मुद्दों को प्रमुखता से उठाने की अपील की।
अभ्यर्थियों की प्रमुख मांग 14वीं जेपीएससी प्रारंभिक परीक्षा में कथित अनियमितता और पेपर लीक मामले की निष्पक्ष जांच कराना है। उनका कहना है कि भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता, निष्पक्षता और जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए सरकार को तत्काल प्रभावी कदम उठाने चाहिए, ताकि युवाओं का आयोग और भर्ती प्रक्रिया पर विश्वास कायम रह सके।
इस बीच, आजसू पार्टी ने भी छात्रों के आंदोलन को समर्थन देने की घोषणा की है। पार्टी ने जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम से राजभवन तक मार्च और घेराव का ऐलान किया है। पार्टी नेताओं का कहना है कि जब तक छात्रों की मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक उनका समर्थन जारी रहेगा।
उल्लेखनीय है कि इससे पहले नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर भी जेपीएससी-जेएसएससी अभ्यर्थियों के समर्थन में प्रदर्शन किया गया था। इस प्रदर्शन में राज्यसभा सांसद महुआ माजी, डुमरी विधायक जयराम महतो तथा बगोदर के पूर्व विधायक विनोद सिंह सहित कई जनप्रतिनिधियों ने हिस्सा लेकर छात्रों की मांगों के समर्थन में आवाज उठाई थी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित