रांची , अगस्त 10 -- झारखंड में जेपीएससी और जेएसएससी की परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के विरोध में छात्रों का आंदोलन सोमवार को पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत विधानसभा घेराव तक पहुंच गया।

इसी बीच झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) के पूर्व चेयरमैन एल. ख्यांगते को जेपीएससी परीक्षा में अनियमितता के मामले में सीआईडी की टीम ने आज गिरफ्तार कर लिया है।

14वीं जेपीएससी सिविल सेवा परीक्षा समेत अन्य भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं की जांच सीआईडी कर रही है। इसी जांच के क्रम में पूर्व चेयरमैन एल. ख्यांगते से पहले भी पूछताछ की जा चुकी है। उन्हें 28 जुलाई को भी पूछताछ के लिए बुलाया गया था। जांच एजेंसी इससे पहले ख्यांगते से कई दौर की पूछताछ कर चुकी है।

जांच के दौरान सीआईडी ने ख्यांगते के सरकारी आवास और जेपीएससी कार्यालय में छापेमारी भी की थी। इस कार्रवाई में महत्वपूर्ण दस्तावेज, ओएमआर शीट और डिजिटल साक्ष्य जब्त किए जाने की बात सामने आई थी। जांच एजेंसी भर्ती परीक्षाओं में कथित गड़बड़ी की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है।

परीक्षा विवाद सामने आने के बाद एल. ख्यांगते ने जेपीएससी के चेयरमैन पद से इस्तीफा दे दिया था। हालांकि, उन्होंने किसी भी तरह की अनियमितता या गड़बड़ी में अपनी संलिप्तता से इनकार किया था।

एल. ख्यांगते की गिरफ्तारी और विधानसभा घेराव के ही दिन सामने आए इस घटनाक्रम से जेपीएससी-जेएसएससी परीक्षा विवाद एक बार फिर चर्चा में है। मामले में सीआईडी की जांच आगे जारी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित