रांची , सितंबर 16 -- झारखंड में प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित गड़बड़ी और अभ्यर्थियों को अनुचित लाभ पहुंचाने के मामले में जांच कर रही अपराध अनुसंधान विभाग (सीआईडी) ने बुधवार को जेपीएससी और जेएसएससी-सीजीएल से जुड़े मामलों में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार आरोपियों में दो जेपीएससी प्रतियोगिता परीक्षा मामले और दो जेएसएससी-सीजीएल मामले से संबंधित हैं।
लोक सेवा आयोग से संबंधित अपराध अनुसंधान विभाग थाना कांड संख्या 16/2026 में गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कृतक रोशन (29), पिता संजय कुमार सिंह, निवासी संजय पथ, सुंदर नगर गार्डन के पास, मानगो, उलीडीह, जमशेदपुर और पंकज प्रशून (32), पिता अनिल कुमार सिंह, निवासी शिव भवन, कमलाकांत रोड, सुखदेवनगर, रांची के रूप में हुई है.अपराध अनुसंधान विभाग के अनुसार, जांच के दौरान सामने आया कि दोनों अभ्यर्थियों को लालपुर स्थित 'शिवांगन की पाठशाला' के संचालक संजीत कुमार के माध्यम से परीक्षा में कथित तौर पर अनुचित लाभ पहुंचाया गया था. जांच में उनकी भूमिका सामने आने के बाद दोनों को गिरफ्तार किया गया.इससे पहले जेएसएससी-सीजीएल प्रतियोगिता परीक्षा को लेकर दर्ज सीआईडी थाना कांड संख्या 01/2025 में कोडरमा के गोलवाढ़ाब निवासी राजेश प्रसाद यादव और पूर्णा नगर निवासी संदीप कुमार को गिरफ्तार किया गया था। सीआईडी के मुताबिक, दोनों आरोपियों ने जेएसएससी-सीजीएल परीक्षा में कई अभ्यर्थियों को कथित तौर पर अनुचित लाभ पहुंचाया था।
सीआईडी ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। प्रतियोगी परीक्षाओं में गड़बड़ी से जुड़े मामलों की जांच आगे भी जारी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित