हैदराबाद , जुलाई 29 -- तेलंगाना महिला कांग्रेस की अध्यक्ष एर्राबेल्ली स्वर्णा ने जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रही जेन जी महिलाओं के खिलाफ टिप्पणियों को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सांसद कंगना रनौत की बुधवार को कड़े शब्दों में निंदा की और उनकी टिप्पणियों को 'चौंकाने वाला' और 'गैर-जिम्मेदाराना' बताया।
सुश्री स्वर्णा ने कहा कि एक महिला जन प्रतिनिधि का महिला प्रदर्शनकारियों को 'अनपढ़', 'गंवार', 'अच्छी गृहिणी बनने में असमर्थ' और 'गटर-क्लास' कहकर उनके खिलाफ अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल करना शर्मनाक है। उन्होंने कहा कि प्रदर्शनकारी अपने अधिकारों के लिए लड़ रही थीं और वे लाठीचार्ज तथा बैरिकेड हमलों सहित पुलिस कार्रवाई का सामना कर चुकी थीं, जिससे ऐसी टिप्पणियां और भी अस्वीकार्य हो जाती हैं।
सुश्री कंगना की टिप्पणियों पर सवाल उठाते हुए सुश्री स्वर्णा ने कहा कि भाजपा सांसद को महिलाओं का अपमान करने पर शर्म आनी चाहिए और उन्हें किसान आंदोलन के दौरान हुए विवाद की याद दिलायी, जिसमें उन्होंने महिला किसानों के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणियां की थीं, जिसकी व्यापक आलोचना हुई थी।
महिला कांग्रेस नेता ने कहा कि सुश्री कंगना को महिलाओं के बारे में अपमानजनक बयान देने के बजाय संसद में जनता के मुद्दों को उठाने पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए। उन्होंने मांग की कि भाजपा सांसद जेन जी महिलाओं से तुरंत सार्वजनिक रूप से माफी मांगें और कहा कि यदि वह एक सांसद के रूप में अपनी जिम्मेदारियों को निभाने में विफल रहती हैं, तो उन्हें नैतिक जिम्मेदारी स्वीकार करनी चाहिए और अपने पद से इस्तीफा दे देना चाहिए।
सुश्री स्वर्णा ने चेतावनी दी कि तेलंगाना महिला कांग्रेस महिलाओं की गरिमा को ठेस पहुंचाने के किसी भी प्रयास को बर्दाश्त नहीं करेगी और उन्होंने सुश्री कंगना से सार्वजनिक चर्चा में आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग करने से बचने का आग्रह किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित