जेनेवा , फरवरी 17 -- ईरान-अमेरिका के बीच मंगलवार को यहां संपन्न अप्रत्यक्ष बातचीत के दूसरे दौर में ईरान ने परमाणु मुद्दे और प्रतिबंधों को हटाने पर अपना रुख स्पष्ट किया।

रिपोर्टों के अनुसार, दोनों पक्ष तीसरे दौर की बैठक के लिए सहमत हुए हैं। पहला दौर छह फरवरी को मस्कट में आयोजित किया गया था।

ईरान की समाचार एजेंसी 'इरना' ने विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बकाई के हवाले से कहा कि परमाणु मुद्दे, प्रतिबंधों में ढील और किसी भी संभावित समझ के ढांचे पर ईरान का दृष्टिकोण अमेरिका तक पहुंचा दिया गया है।

ईरान की 'मेहर' समाचार एजेंसी ने ईरानी प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करने वाले विदेश मंत्री अब्बास अराघची के हवाले से कहा कि दोनों पक्ष "कुछ मुद्दों पर सैद्धांतिक रूप से कुछ समझौतों तक पहुंचने में सक्षम रहे।"श्री अराघची ने कहा, "रास्ता शुरू हो चुका है और इसका परिणाम एक समझौते के रूप में निकल सकता है। पिछली बैठक की तुलना में अच्छी प्रगति हुई है।"उन्होंने आगे कहा , "जब समझौते का मसौदा तैयार करने और उसे लिखने की बात आती है तो काम अधिक कठिन हो जाता है।दोनों पक्षों के अपने-अपने रुख हैं, जिन्हें एक-दूसरे के करीब आने में कुछ समय लगेगा।"अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के मध्य पूर्व के विशेष दूत स्टीव विटकॉफ और ट्रंप के दामाद एवं सलाहकार जेरेड कुशनर शामिल थे।

अमेरिकी पक्ष ने दिन की शुरुआत में ओमान के विदेश मंत्री बद्र बिन हम्द अल बुसैदी और अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी (आईएईए) के महानिदेशक राफेल मारियानो ग्रॉसी के साथ बातचीत की। ईरान के विचारों से अमेरिका और आईएईए प्रमुख को अवगत कराया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित