मुंबई , जून 16 -- सार्वजनिक क्षेत्र की बीमा कंपनी जेनरल इंश्योरेंस कॉर्पोरेशन के ऑफर फॉर सेल (ओएफएस) को पहले दिन संस्थागत और बड़े निवेशकों से 3.7 गुना बोली मिली है।
गैर-खुदरा निवेशकों की इस उत्साहजनक प्रतिक्रिया को देखते हुए सरकार ने अतिरिक्त शेयर की बिक्री के विकल्प का इस्तेमाल करते हुए पांच प्रतिशत हिस्सेदारी बेचने का फैसला किया है।
ओएफएस के तहत मूल रूप से 3,50,88,000 इक्विटी शेयर बिक्री के लिए रखे गये थे जो कंपनी के पूरी तरह चुकता इक्विटी शेयरों का दो प्रतिशत है। इसके अलावा ज्यादा बोली मिलने पर 5,26,32,000 (तीन प्रतिशत) तक अतिरिक्त इक्विटी शेयरों की बिक्री का विकल्प भी रखा गया था। अब पूरे 8,77,20,000 शेयरों की बिक्री की जायेगी।
खुदरा निवेशक बुधवार को बोली लगा सकेंगे। गैर-खुदरा निवेशकों की तरह उनके लिए भी प्रति इक्विटी शेयर आधार मूल्य 352 रुपये रखा गया है जिससे नीचे बोली नहीं लगायी जा सकती।
उल्लेखनीय है कि कंपनी में सरकार की हिस्सेदारी 31 मार्च 2026 को 82.40 प्रतिशत थी जो ओएफएस के बाद घटकर 77.40 प्रतिशत रह जायेगी।
ओएफएस के पहले दिन आज कंपनी का शेयर 29.70 रुपये (7.65 प्रतिशत) टूटकर 358.65 रुपये रह गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित