श्रीनगर , अक्टूबर 17 -- जम्मू-कश्मीर में महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जम्मू-कश्मीर प्रशासनिक सेवा (जेकेएएस) की अधिकारी बीनीश वानी के साथ दुर्व्यवहार की घटना, अंकिता भंडारी हत्याकांड में न्याय की मांग और वोट चोरी के मुद्दों को लेकर शनिवार को यहां विरोध प्रदर्शन किया।

जम्मू-कश्मीर कांग्रेस अध्यक्ष तारिक कर्रा के निर्देश पर आयोजित विरोध प्रदर्शन में प्रदर्शनकारियों ने जवाबदेही तय करने, महिलाओं की गरिमा की रक्षा करने और सार्वजनिक संस्थानों व चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता लाने की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने सुश्री वानी के साथ हुए दुर्व्यवहार की निष्पक्ष जांच कराने और कानून के अनुसार उचित कार्रवाई करने की मांग की। उन्होंने अंकिता भंडारी के लिए भी न्याय की मांग की और इस मामले से जुड़े विवाद की पारदर्शी जांच तथा जवाबदेही तय करने पर जोर दिया। उन्होंने चुनावी अनियमितताओं के आरोपों पर चिंता जताते हुए चुनावी प्रक्रिया में अधिक पारदर्शिता लाने और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित