जयपुर , जनवरी 12 -- दुनिया के सबसे बड़े निःशुल्क साहित्यिक उत्सव जयपुर लिटरेचर फेस्टिवल (जेएलएफ)-2026 पन्द्रह जनवरी से राजस्थान की राजधानी जयपुर में शुरु होगा जो दुनिया भर से विचारों, कल्पना और संवाद का एक संगम स्थल बन गया है।

टीमवर्क आर्ट्स के प्रबंध निदेशक संजॉय के रॉय ने पांच दिवसीय इस विश्व प्रसिद्ध साहित्यिक उत्सव के शुरु होने से पहले सोमवार को यहां मीडिया को बताया कि इस वर्ष यह उत्सव राजस्थान की सांस्कृतिक और रचनात्मक परंपराओं के साथ अपने गहरे संबंध को और मजबूत करेगा। 19वां संस्करण विश्वभर से लेखकों , चिंतकों , नीति निर्माताओं, कलाकारों और बुद्धिजीवियों के एक असाधारण समूह को एक मंच पर प्रस्तुत करेगा।

उन्होंने बताया कि जेएलएफ 19 वर्षों में दुनिया भर से विचारों, कल्पना और संवाद का एक संगम स्थल बन गया है जबकि यह भारत के सांस्कृतिक और बौद्धिक जीवन में गहराई से जुड़ा रहा है। 2026 संस्करण साहित्य की उस शक्ति में हमारे विश्वास को दर्शाता हे जो संवाद को प्रेरित करती है , सहानुभूति को पोषित करती हे और हमारे समय की जटिलताओं से अधिक संवेदनशीलता के साथ जुड़ने में मदद करती है।

इस बड़े उत्सव में 300 से अधिक सत्र होंगे और दुनिया की कई जानमानी हस्तियों सहित 500 से अधिक वक्ता भाग लेंगे। वेदांता द्वारा प्रस्तुत जेएलएफ में आने वाले मेहमान भारत समेत दुनिया के तमाम देशों से आयेंगे और इस वर्ष का कार्यक्रम साहित्य, इतिहास, राजनीति, विज्ञान, प्रौद्योगिकी, जलवायु परिवर्तन, वैश्विक मामलों, कविता और प्रस्तुति-कला जैसे विविध विषयों को समेटे हुए होगा जो दर्शकों के लिए एक जीवंत और बहुआयामी अनुभवों के पल रचेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित