यमुनानगर , अक्टूबर 14 -- दिल्ली के जवाहर लाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) के प्रोफेसर और सांसद पर लगे यौन शोषण के आरोपों को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) महिला मोर्चा ने बुधवार को यमुनानगर में जोरदार प्रदर्शन किया और आरोपी सांसद का पुतला फूंका।

यमुनानगर में भाजपा महिला कार्यकर्ताओं ने बड़ी संख्या में प्रदर्शन किया। प्रदर्शन का नेतृत्व विधायक घनश्याम दास अरोड़ा, भाजपा जिलाध्यक्ष राजेश सपरा, पूर्व मेयर मदन चौहान, भाजपा नेत्री मनीषा अग्रवाल और अन्य वरिष्ठ नेताओं ने किया।

प्रदर्शन के दौरान भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि कांग्रेस खुद को महिलाओं की हिमायती बताती है, लेकिन उसके ही एक सांसद, जो जेएनयू में प्रोफेसर भी हैं, पर छात्राओं के यौन शोषण के गंभीर आरोप लगे हैं। छात्राओं की शिकायत पर जेएनयू प्रशासन ने जांच की, जिसमें आरोप सही पाए गए, जिसके बाद प्रशासन ने संबंधित प्रोफेसर को निलंबित कर दिया। लेकिन कांग्रेस ने अब तक इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं की।

भाजपा नेताओं ने कहा कि प्रियंका गांधी महिलाओं के हक की बड़ी-बड़ी बातें करती हैं, उन्हें इस मामले में सामने आकर आरोपी सांसद के खिलाफ कार्रवाई करवानी चाहिए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित