अलवर , फरवरी 28 -- राजस्थान विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली की मां का शनिवार को अंतिम संस्कार कर दिया गया।
श्री जूली ने अपनी मां को नम आंखों से अपनी मां चलती देवी को नम आंखों से मुखाग्नि दी। इसके साथ ही चलती देवी पंचतत्व में विलीन हो गई।
इस मौके पर विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी, राजस्थान सरकार के वन एवं पर्यावरण मंत्री संजय शर्मा, पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, पूर्व केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह, पूर्व मंत्री शकुंतला रावत सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद थे।
अपने सरल व्यवहार के लिए सभी का दिल जीतने वाली चलती देवी के अंतिम दर्शन के लिए जनसैलाब उमड़ पड़ा।
जूली और उनका परिवार अपने पैतृक गांव काठूवास में उनकी अंतिम यात्रा में शामिल हुआ। मां की अंतिम विदाई के वक्त जूली की आंखों से आंसू थमने का नाम नहीं ले रहे थे, पूरा परिवार भावुक हो गया। उनकी मौत की खबर सुनकर पूरे गांव का माहौल भी गमगीन हो गया।
उल्लेखनीय है कि श्री जूली की मां चलती देवी शुक्रवार देर रात बाथरूम में पैर फिसलने से गंभीर रूप से घायल हाे गयी थीं। जयपुर के एसएमएस अस्पताल में इलाज के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली।
पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने राजस्थान विधानसभा में विपक्ष के नेता टीकाराम जूली की मां के निधन पर उनके पैतृक गांव पहुंचकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि मां की तपस्या से ही जूली वर्तमान में राजनीति के बड़े शिखर पर हैं। उन्होंने कहा कि मां की तपस्या से ही एक छोटे से गांव से जिला पार्षद का चुनाव जीतकर राजस्थान विधान में विपक्ष के नेता की सराहनीय भूमिका निभा रहे हैं। उनके पिता दिवंगत लेखराम ठेकेदार एवं उनकी मां ने संघर्षों की भट्टी में तपकर अपने बेटे को इस मुकाम तक पहुंचाया।
श्रीमती चलती देवी का पीहर मूल रूप से हरियाणा के महेंद्रगढ़ जिले के दोंगडा अहीर में था। वह धार्मिक प्रवृत्ति की महिला थी और समाज में आसपास उनकी सहजता के चलते गहरी पैठ थी। ग्रामीणों ने बताया कि उन्होंने अपने परिवार को हमेशा संस्कारों और सामाजिक मूल्यों की सीख दी। उन्होंने हमेशा सादगी पूर्ण जीवन जिया और सामाजिक मूल्यों को प्राथमिकता दी। परिवार और समाज के संस्कारों को संजोए रखने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही।
टीकाराम जूली की मां चलती देवी के निधन पर लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, कांग्रेस सुप्रीमो मल्लिकार्जुन खड़गे, लोकसभाध्यक्ष ओम बिरला, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी, प्रदेश कांग्रेस समिति के प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, मंत्री कर्नल राज्यवर्धन सिंह राठौड़, पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट, विधायक रविंद्र भाटी ने संवेदनाएं व्यक्त की।
उनके अंतिम संस्कार में देश-प्रदेश के बड़े नेता, सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी, विभिन्न दलों के नेता और क्षेत्र के गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित