श्रीनगर , जुलाई 08 -- लद्दाख में जून माह के दौरान विदेशी पर्यटकों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गयी है। इस वर्ष जून में विदेशी पर्यटकों का आगमन पिछले वर्ष की समान अवधि की तुलना में लगभग दोगुना हो गया, जो केंद्रशासित प्रदेश की अंतरराष्ट्रीय पर्यटकों के बीच बढ़ती लोकप्रियता को दर्शाता है।

आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, जून 2026 में 6,680 विदेशी पर्यटक लद्दाख पहुंचे, जबकि जून 2025 में यह संख्या 3,349 थी। इस प्रकार विदेशी पर्यटकों के आगमन में 99.46 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गयी।

अधिकारियों ने इस वृद्धि का श्रेय उच्च हिमालयी साहसिक पर्यटन, सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक अनुभवों तथा सतत पर्यटन के केंद्र के रूप में लद्दाख की बढ़ती पहचान को दिया है। विदेशी पर्यटकों में इज़रायल सबसे बड़ा स्रोत देश बना हुआ है। इसके बाद थाईलैंड, अमेरिका, वियतनाम, जर्मनी, फ्रांस, ब्रिटेन, जापान, मलेशिया, ऑस्ट्रेलिया, ताइवान, रूस, इटली, दक्षिण कोरिया, स्पेन तथा अन्य यूरोपीय एवं दक्षिण-पूर्व एशियाई देशों के पर्यटकों की संख्या उल्लेखनीय रही।

घरेलू और विदेशी पर्यटकों को मिलाकर जून 2026 में कुल 1,07,740 पर्यटक लद्दाख पहुंचे, जो जून 2025 में आए 75,089 पर्यटकों की तुलना में 43.48 प्रतिशत अधिक है। जनवरी से जून 2026 के बीच कुल 2,25,286 पर्यटक लद्दाख पहुंचे, जिनमें 2,11,645 घरेलू और 13,641 विदेशी पर्यटक शामिल हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित