जयपुर , जुलाई 17 -- राजस्थान में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में प्रदेश देश में एक अग्रणी निवेश गंतव्य के रूप में विशेष पहचान बना रहा है और गत जून महीने में राजनिवेश पोर्टल पर एक लाख तीन हजार तीन से अधिक करोड़ रुपए के निवेश आशय प्राप्त हुए हैं।

मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने बताया कि उनके कार्यालय के तहत गठित 'डी- रेगुलेशन सेल' द्वारा जारी जून महीने की मासिक इम्पैक्ट एसेसमेंट रिपोर्ट के अनुसार राजस्थान राज्य के प्रयासों से गत महीने में विनियामक सुधारों तथा 'राजनिवेश' सिंगल विंडो प्रणाली के माध्यम से व्यापार सुगमता (ईज आफ डूइंग बिजनेस) के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति दर्ज की गई है।

उन्होंने बताया कि प्रदेश की ये उपलब्धियां डीरिगुलेशन चरण-प्रथम के तहत किए गए प्रमुख सुधारों का परिणाम हैं, जिनमें स्वीकृति प्रक्रियाओं का सरलीकरण, ऑनलाइन सेवाओं का विस्तार, जोखिम-आधारित निरीक्षण प्रणाली का कार्यान्वयन तथा अनुपालन बोझ में कमी जैसे सतत प्रयास शामिल है।

मासिक अध्ययन रिपोर्ट में बताया गया है कि राज्य में निवेश परिदृश्य सुदृढ़ हुआ है तथा गत जून के दौरान रियल एस्टेट, नवीकरणीय ऊर्जा, वस्त्र, पर्यटन तथा रत्न एवं आभूषण क्षेत्रों में 1.03 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश अभिरुचि प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं। जिला स्तर पर जयपुर, जोधपुर, अजमेर एवं कोटा अग्रणी रहे हैं, जबकि डीडवाना-कुचामन, फलोदी एवं सिरोही जैसे जिलों में स्वीकृतियों में तीव्र वृद्धि दर्ज की गई है। डीडवाना-कुचामन, सिरोही, ब्यावर, करौली एवं फलोदी जिलों में स्वीकृत आवेदनों की संख्या में पिछले माह की तुलना में 50 प्रतिशत से की अधिक वृद्धि दर्ज की गई। वहीं प्रदेश में नए विद्युत कनेक्शन की औसत स्वीकृति अवधि पिछले वित्तीय वर्ष के 20 दिनों से घटकर 10 दिन हो गई है, इसी प्रकार पर्यटन परियोजनाओं की स्वीकृति अवधि 22 दिनों से घटकर 16 दिन हो गई है।

औद्योगिक इकाइयों में महिला कार्यबल की भागीदारी में भी वृद्धि देखी गई है, जहाँ 26 से 32 प्रतिशत महिलाएँ तकनीकी एवं संचालनात्मक भूमिकाओं में कार्यरत हैं। रात्रिकालीन कार्य हेतु सुरक्षित परिवहन, सुरक्षा व्यवस्था, भत्ते, क्रेच, कैंटीन, स्वच्छता सुविधाएँ एवं प्रभावी शिकायत निवारण तंत्र की उपलब्धता, सुरक्षित एवं समावेशी कार्यस्थल सुनिश्चित करने की दिशा में राज्य सरकार की नीतियों एवं उद्योगों के समन्वित प्रयासों को दर्शाती है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित