गोरखपुर , मई 19 -- मेजबान उत्तर प्रदेश ने 46वीं जूनियर नेशनल रोइंग चैंपियनशिप के हीट्स मुकाबलों के पहले दिन शानदार प्रदर्शन करते हुए दो वर्गों में शीर्ष स्थान हासिल कर सेमीफाइनल में जगह बना ली। रामगढ़ताल में प्रतियोगिता के पहले दिन बालक सिंगल स्कल स्पर्धा में उत्तर प्रदेश के मोहन महेश ने 8:51.3 मिनट का समय निकालते हुए पहला स्थान प्राप्त कर सेमीफाइनल में जगह बनाई। इस स्पर्धा में चंडीगढ़ के उदय दूसरे और तमिलनाडु के कृष कार्तिक कुमार तीसरे स्थान पर रहे। बालक क्वाड्रुपल स्कल स्पर्धा में उत्तर प्रदेश के दीपक कुमार, यश कुमार यादव, हरिनाथ यादव और प्रवीण कुमार की टीम ने 6:41.0 मिनट का समय निकालकर शीर्ष स्थान हासिल किया और सेमीफाइनल में प्रवेश किया। ओडिशा की टीम दूसरे स्थान पर रही।
प्रतियोगिता में आर्मी ब्वायज स्पोर्ट्स कंपनी और मध्य प्रदेश के खिलाड़ियों का भी दबदबा देखने को मिला। दोनों टीमों ने छह-छह वर्गों में श्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए अगले दौर में जगह बनाई। हरियाणा ने पांच तथा केरल ने तीन वर्गों में अगले चरण के लिए क्वालीफाई किया। पहले दिन विभिन्न वर्गों में कुल 29 हीट्स मुकाबले आयोजित किए गए।
बालिका सिंगल स्कल में ओडिशा की नेहा पहले, मणिपुर की हुदीरोम चानू दूसरे और चंडीगढ़ की तनिष्का तीसरे स्थान पर रहीं। बालिका काक्सलेस पेयर्स में मध्य प्रदेश की स्नेहा कलमे और जिज्ञासा रैगर ने 9:03.0 मिनट के समय के साथ फाइनल में प्रवेश किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित