प्रयागराज , अक्टूबर 26 -- उत्तर प्रदेश के प्रयागराज स्थित स्वरूप रानी नेहरू (एसआरएन) अस्पताल में जूनियर डॉक्टरों और एक वकील के बीच मारपीट का मामला फिर गरमा गया। घटना से नाराज वकीलों ने अस्पताल परिसर में धरना दिया और मारपीट करने वाले डॉक्टरों के खिलाफ कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे।
काफी देर बाद डीसीपी सागर जैन ने धरनारत वकीलों से बातचीत की और कार्रवाई का आश्वासन दिया, लेकिन वकील संतुष्ट नहीं हुए। वे मेडिकल चौराहे पर चक्काजाम करने की मांग पर अड़े रहे। स्थिति को देखते हुए डीसीपी, एसीपी और कई थानों की पुलिस मौके पर तैनात रही।
बताया गया कि डीसीपी सागर जैन और एसीपी कोतवाली निकिता श्रीवास्तव के वकीलों से बातचीत के बाद एसआरएन अस्पताल से निकलते ही वकीलों ने फिर अस्पताल के सामने वाले चौराहे पर चक्काजाम कर दिया। वे आरोपित डॉक्टरों के खिलाफ कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे।
पुलिस अधिकारियों ने वकीलों को कार्रवाई का भरोसा दिलाया। बाद में लिखित आश्वासन मिलने पर वकीलों ने सड़क से जाम हटा लिया। हालांकि, उन्होंने चेतावनी दी कि यदि कार्रवाई नहीं हुई तो वे दोबारा आंदोलन करेंगे। वकीलों के प्रदर्शन के कारण एसआरएन अस्पताल में भी कामकाज प्रभावित रहा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित