सीहोर , अक्टूबर 04 -- मध्यप्रदेश के सीहोर जिला मुख्यालय स्थित मंडी चौराहे पर शनिवार रात एनके एंटरप्राइजेज की दो मंजिला जूते-चप्पलों की थोक दुकान में भीषण आग लग गई। आग में दुकान के दोनों तल में रखा भारी स्टॉक जलकर राख हो गया। आग लगने के वास्तविक कारण और नुकसान का आकलन जांच के बाद स्पष्ट होगा।

जानकारी के अनुसार रात करीब 11 बजे दुकान में आग लगी। करीब 11.30 बजे आसपास के लोगों ने दुकान से धुआं निकलता देखा और इसकी सूचना दी। करीब 12 बजे दमकल वाहन मौके पर पहुंचे, लेकिन दुकान का शटर बंद होने के कारण आग बुझाने में परेशानी हुई। फायरकर्मियों ने शटर तोड़कर अंदर पहुंचकर आग बुझाने का अभियान शुरू किया।

दुकान में जूते-चप्पलों का भारी स्टॉक होने के कारण आग बार-बार भड़क रही थी। पानी डालने के कुछ देर बाद फिर लपटें उठने लगती थीं। आग पर काबू पाने के लिए करीब आठ दमकल वाहन मौके पर पहुंचे। पानी खत्म होने पर टैंकर भी बुलाया गया। गेल इंडिया के इमरजेंसी रिस्पांस व्हीकल ने भी आग बुझाने के अभियान में सहयोग किया। करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाया जा सका।

आग के कारण आसपास की दुकानें और मकान भी खतरे की जद में आ गए। रात करीब 1.30 बजे आग दुकान के पीछे और ऊपरी हिस्से तक पहुंच गई। इससे आसपास के दुकानदारों और रहवासियों में दहशत फैल गई। पड़ोस की अग्रवाल हार्डवेयर दुकान के संचालक दीपक अग्रवाल ने एहतियातन रात में ही पाइप और अन्य सामान बाहर निकलवा लिया। पास की इमारत में रहने वाले सतनारायण अग्रवाल के परिवार ने भी खतरा महसूस किया।

सूचना मिलने पर सीएसपी डॉ. अभिनंदना शर्मा और मंडी थाना प्रभारी अर्चना चौहान मौके पर पहुंचीं। नगर पालिका अध्यक्ष प्रिंस राठौर और वार्ड 23 के पार्षद प्रतिनिधि दिलीप राठौर भी घटनास्थल पर पहुंचे।

दुकान संचालक नितिन साहू और शैलेंद्र शिवहरे बागेश्वर धाम दर्शन के लिए गए हुए थे। बताया गया कि करीब एक सप्ताह पहले ही दुकान में बड़ी मात्रा में नया स्टॉक भरा गया था। आग में लाखों रुपये का माल जलने की आशंका है। आग लगने के कारण और वास्तविक नुकसान का आकलन जांच के बाद किया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित