अलवर , अक्टूबर 07 -- राजस्थान में अलवर जिले के भिवाड़ी औद्योगिक क्षेत्र में एक जूता फैक्ट्री में मंगलवार देर रात आग लगने से अफरा-तफरी मच गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और पूरे संयंत्र को अपनी चपेट में ले लिया। आग की ऊंची लपटों और घने धुएं के बीच दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और लगातार पानी की बौछार करके आग पर काबू पाने में जुट गईं। आग की भयावहता को देखते हुए पुलिस प्रशासन भी मौके पर पहुंचा और राहत-बचाव कार्य की निगरानी की।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि आस पास की फैक्ट्रियों को भी मजदूरों से खाली करा लिया गया। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। हालांकि फैक्ट्री से अब भी धुआं उठ रहा है।
आग से किसी तरह की जनहानि की सूचना नहीं है। जिस समय आग लगी, उस वक्त फैक्ट्री में काम नहीं हो रहा था। फिलहाल आग लगने के कारणों और फैक्ट्री में हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित