मुंबई, अगस्त 27 -- ायक जुबिन नौटियाल इस उत्सवी मौसम में अपने नए भक्ति गीत 'श्यामा आ बसो' के साथ भक्ति, प्रेम और विरह के भाव को आत्मीय अंदाज में पेश कर रहे हैं। टी-सीरीज द्वारा प्रस्तुत यह गीत कृष्ण के वृंदावन लौटने की शाश्वत प्रतीक्षा और भक्त के मन में उनके सान्निध्य की तड़प को दर्शाता है।
'श्यामा आ बसो' एक भक्त की उस अंतरंग पुकार को आवाज देता है, जिसमें वह अपने आराध्य से घर लौट आने की विनती करता है। जुबिन की भावपूर्ण आवाज इस प्रतीक्षा और प्रेम को बेहद व्यक्तिगत और हृदयस्पर्शी बना देती है।
राज आशू के संगीत से सजे इस गीत के बोल मनोज मुंतशिर ने लिखे हैं। गीत में एक भक्त की मासूम पुकार और कृष्ण के लिए उसकी गहरी तड़प को सरल और भावुक शब्दों में व्यक्त किया गया है। जुबिन की गायकी गीत में भक्ति और मधुरता का खूबसूरत संगम प्रस्तुत करती है।
'श्यामा आ बसो' का म्यूजिक वीडियो हितेन शाह के निर्देशन में तैयार किया गया है। वीडियो में एक लड़की को श्यामा के विचारों में डूबा हुआ दिखाया गया है, जो उनके लौटने की प्रतीक्षा और शांत भक्ति के भाव को सामने लाती है। वहीं, जुबिन नौटियाल कृष्ण के स्वरूप और भाव को अपनी सहज उपस्थिति के साथ जीवंत करते नजर आते हैं।
उत्सवी माहौल में रिलीज हुआ यह गीत श्यामा और उनके भक्तों के बीच प्रेम, आस्था और भक्ति के उस अटूट रिश्ते को रेखांकित करता है, जो समय के साथ और गहरा होता जाता है। 'श्यामा आ बसो' का म्यूजिक वीडियो टी-सीरीज के यूट्यूब चैनल पर उपलब्ध है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित