बैतूल , अक्टूबर 01 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में जुड़वा बच्चों को जन्म देने वाली 25 वर्षीय महिला की बुधवार को संदिग्ध परिस्थितियों में मृत्यु हो गई। मौत के कारणों का पता लगाने के लिए गुरुवार को तीन चिकित्सकों की टीम ने पोस्टमार्टम किया। टीम में एक महिला रोग विशेषज्ञ भी शामिल थीं। दोनों नवजात फिलहाल अस्पताल के आईसीयू में भर्ती हैं।

पुलिस के अनुसार कोतवाली थाना क्षेत्र के मंडई निवासी संगीता पत्नी राजेश ने हाल ही में एक बेटे और एक बेटी को जन्म दिया था। परिजनों के अनुसार प्रसव के बाद 25 सितंबर को अस्पताल से छुट्टी मिलने पर संगीता अपने मायके चली गई थी। बुधवार को अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई। परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

बताया गया है कि तबीयत बिगड़ने से पहले संगीता को झाड़-फूंक के लिए भगत के पास भी ले जाया गया था। हालांकि महिला की मृत्यु का वास्तविक कारण अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही मौत के कारणों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस की निगरानी में तीन चिकित्सकों की टीम से पोस्टमार्टम कराया गया। अधिकारियों के अनुसार पोस्टमार्टम टीम में महिला रोग विशेषज्ञ को भी शामिल किया गया।

परिजनों के अनुसार संगीता की शादी करीब छह महीने पहले राजेश से हुई थी। दोनों एक ही गांव के रहने वाले बताए गए हैं और फिलहाल टिकारी में रह रहे थे। बताया गया कि दोनों के बीच पहले से प्रेम संबंध थे, जिसके बाद परिवार की सहमति से विवाह हुआ था। घटना के समय संगीता की सास भी उसके साथ मायके में मौजूद थी।

पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल परिवार की ओर से किसी व्यक्ति के खिलाफ कोई आरोप या संदेह व्यक्त नहीं किया गया है। पुलिस महिला की तबीयत बिगड़ने से लेकर अस्पताल पहुंचाए जाने तक की परिस्थितियों की जानकारी जुटा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित