भरतपुर , अक्टूबर 26 -- राजस्थान में डीग जिले के जनुथर थाना क्षेत्र में बड़ेसरा गांव में प्रेम प्रसंग के उजागर हो जाने के डर से 13 वर्षीय जुड़वां भाइयों विनय और विष्णु की हत्या के मामले में पुलिस ने बच्चों की मां और उसके कथित प्रेमी की गिरफ्तारी के बाद बच्चों के सौतेले 15 वर्षीय बड़े भाई को हिरासत में लिया है।
पुलिस सूत्रों ने सोमवार को बताया कि हत्या के बाद दोनों बच्चों के शवों को ठिकाने लगाने में उसने अपनी मां की मदद की थी।
पुलिस ने घटना का ब्यौरा देते हुए बताया कि 20 अक्टूबर की रात करीब डेढ़ बजे हुई वारदात के समय प्रीति और उसका कथित प्रेमी राजेश घर में मौजूद थे, जबकि दोनों बच्चे गहरी नींद में सो रहे थे। एक बच्चे पर उसकी मां प्रीति ने जबकि दूसरे पर राजेश ने कुल्हाड़ी से वार किया।
राजेश की पत्नी का बीमारी की वजह से वारदात से 10 दिन पहले ही निधन हुआ था। सूत्रों के मुताबिक हत्या के बाद राजेश अपने घर चला गया। इसके बाद प्रीति ने अपने बड़े बेटे को जगाया। दोनों ने प्लास्टिक के टब की मदद से एक-एक करके बच्चों के शव घर से बाहर निकाले। प्रीति के बड़े बेटे ने ज्वार-बाजरे की कड़बी के समीप शवों को छोड़ने में सहयोग किया। जाँच में बच्चों को नींद की गोली दिए जाने की बात अभी सामने नहीं आई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित