नयी दिल्ली , जुलाई 16 -- एक सप्ताह तक चले रोमांचक मुकाबलों के बाद ओरिएंटल कप 2026 के चौथे संस्करण का शानदार समापन बुधवार को डॉ. अंबेडकर स्टेडियम में लड़कों और लड़कियों के फाइनल मुकाबलों के साथ हुआ। बहुप्रतीक्षित ग्रैंड फिनाले ने उम्मीदों पर पूरी तरह खरा उतरते हुए दर्शकों को दो हाई-वोल्टेज मुकाबले देखने को मिले, जिनमें युवा खिलाड़ियों ने आक्रामक फुटबॉल, जुझारूपन, संघर्ष और शानदार खेल कौशल का प्रदर्शन किया। दिन के अंत में जी.डी. गोयनका स्कूल, द्वारका ने लड़कों के वर्ग का अपना पहला ओरिएंटल कप खिताब जीता, जबकि भारती पब्लिक स्कूल ने लड़कियों के वर्ग में चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। दोनों टीमों ने पहली बार ओरिएंटल कप का खिताब जीतकर टूर्नामेंट के इतिहास में अपना नाम दर्ज कराया।
विजेता और उपविजेता टीमों को ट्रॉफियों के साथ आकर्षक नकद पुरस्कार प्रदान किए गए, जिससे ओरिएंटल कप के चौथे संस्करण का शानदार समापन हुआ। लड़कों और लड़कियों दोनों वर्गों की विजेता टीमों को 1,50,000 रुपये की पुरस्कार राशि दी गई, जबकि उपविजेता टीमों को 75,000 रुपये प्रदान किए गए। इसके अलावा, विजेता और उपविजेता टीमों के कोचों को भी उनके योगदान के लिए क्रमशः 50,000 और 25,000 रुपये की नकद राशि देकर सम्मानित किया गया।
लड़कों के वर्ग में जी.डी. गोयनका स्कूल, द्वारका के कार्तिकेय कश्यप चुघ और लड़कियों के वर्ग में मॉडर्न स्कूल की ध्वनि बिदादा टूर्नामेंट की सर्वाधिक गोल करने वाली खिलाड़ी रहीं। पूरे टूर्नामेंट में उनके शानदार गोल स्कोरिंग प्रदर्शन के सम्मान में दोनों खिलाड़ियों को फुटबॉल बूट्स भेंट किए गए।
ओरिएंटल कप 2026 का चौथा संस्करण एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि का गवाह बना, जब टूर्नामेंट के इतिहास में पहली बार छात्रवृत्ति कार्यक्रम की शुरुआत की गई। युवा प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने की अपनी प्रतिबद्धता को आगे बढ़ाते हुए इस वर्ष 2.5 लाख रुपये की छात्रवृत्ति निधि स्थापित की गई। इसके तहत लड़कों और लड़कियों के वर्ग से पांच-पांच खिलाड़ियों सहित कुल 10 प्रतिभाशाली छात्र-खिलाड़ियों को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन, क्षमता और समर्पण के लिए छात्रवृत्ति प्रदान की गई।
फाइनल दिवस के पहले मुकाबले में लड़कों के वर्ग के खिताबी मुकाबले में जी.डी. गोयनका स्कूल, द्वारका ने स्टेप बाय स्टेप स्कूल, नोएडा को 2-1 से हराकर अपना पहला ओरिएंटल कप खिताब जीत लिया। मुकाबले की शुरुआत से ही दोनों टीमों ने आक्रामक खेल दिखाया। छठे मिनट में नील भगत ने अपने ही हाफ से शानदार लंबी दूरी का शॉट लगाकर जी.डी. गोयनका को बढ़त दिलाई। हालांकि, नौवें मिनट में वंश गुलाटी ने गोल कर स्टेप बाय स्टेप की बराबरी करा दी। इसके तुरंत बाद 11वें मिनट में कार्तिकेय कश्यप चुघ ने गोल दागकर जी.डी. गोयनका को फिर बढ़त दिलाई। दूसरे हाफ में जी.डी. गोयनका ने अनुशासित रक्षात्मक प्रदर्शन करते हुए विरोधी टीम को कोई स्पष्ट मौका नहीं दिया और 2-1 से जीत दर्ज कर लड़कों के वर्ग का पहला ओरिएंटल कप खिताब अपने नाम किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित