अलवर , जनवरी 13 -- केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा लाए गए 'विकसित भारत-रोजगार एवं आजीविका मिशन (ग्रामीण) गारंटी अधिनियम, 2025' विधेयक को मील का पत्थर बताते हुए कहा कि यह एक ऐतिहासिक पहल है। श्री यादव ने मंगलवार को यहां कहा कि यह कानून पुरानी मनरेगा योजना का परिष्कृत रूप है, जो भ्रष्टाचार और लेटलतीफी जैसी कमियों को जड़ से समाप्त कर देगा। इस योजना में श्रमिकों के हितों का ध्यान रखते हुए साप्ताहिक भुगतान को अनिवार्य किया गया है और देरी होने पर स्वतः मुआवजे का कड़ा प्रावधान रखा गया है। अब ग्राम सभाओं के माध्यम से कार्यों का चयन होगा, पंचायतें योजनाएं बनाएंगी और पीएम गति शक्ति पोर्टल से जियो- मानचित्रण करके निगरानी सुनिश्चित की जाएगी।

उन्होंने कहा कि अब ग्रामीणों को वर्ष में 100 के स्थान पर 125 दिन के रोजगार की कानूनी गारंटी दी जाएगी। इस योजना के तहत अब केवल कच्चे काम नहीं होंगे, बल्कि जल संसाधन और पक्की सड़कों जैसी स्थायी संपत्तियों का निर्माण होगा, जिससे गांव आत्मनिर्भर बनेंगे। योजना की सबसे बड़ी विशेषताई इसकी पारदर्शिता है, जिसमें जियो-टैगिंग के माध्यम से कार्यों की निगरानी होगी।

इससे पहले राजस्थान में खैरथल क्षेत्र में मंगलवार को श्री यादव के मुख्य आतिथ्य में 276 करोड़ 67 लाख रुपये की लागत वाली विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया गया। इन परियोजनाओं में सड़क निर्माण, पेयजल परियोजना, सीवेज उपचार संयंत्र (एसटीपी) निर्माण और अन्य आधारभूत विकास से जुड़े कार्य शामिल हैं। उन्होंने किशनगढ़ बास क्षेत्र के गहणकर गांव स्थित बाबा कमलनाथ आश्रम में बाबा कमलनाथ की प्रतिमा के आगे मस्तक टेककर राज्य के सर्वांगीण विकास की मनोकामना की। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि जनसेवा और क्षेत्रीय विकास ही उनकी प्राथमिकता है। वर्ष 2025 में वह कई बार खैरथल आए और नियमित रूप से क्षेत्र में कार्यक्रमों के माध्यम से जनता से संवाद किया। उन्होंने बताया कि उनकी आठ विधानसभाएं हैं और प्रत्येक विधानसभा में नियमित रूप से पहुंचकर जनसमस्याओं के समाधान का प्रयास किया है।

उन्होंने बताया कि वह पिछले 20 सप्ताह से लगातार फेसबुक के माध्यम से साप्ताहिक पत्र लिखकर क्षेत्र की विकास योजनाओं की जानकारी जनता तक पहुंचा रहे हैं। सरकार शिलान्यास से लेकर उद्घाटन तक कार्यों को समयबद्ध रूप से पूर्ण करने का कार्य कर रही है। इसी क्रम में पूर्व में किशनगढ़ बास में 130 करोड़ और आज खैरथल में 276 करोड़ के विकास कार्यों का शिलान्यास एवं लोकार्पण किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित