नेलमंगला , फरवरी 10 -- कर्नाटक के गृह मंत्री जी. परमेश्वर ने कनाडा में मारे गए सॉफ्टवेयर इंजीनियर चंदन कुमार के परिजनों से मंगलवार को मुलाकात की।

गृह मंत्री ने बेंगलुरु के बाहरी इलाके नेलमंगला के पास त्यामागोंडलू स्थित आवास का दौरा किया। श्री परमेश्वर ने शोक संतप्त परिवार से मिलने के बाद पत्रकारों से कहा कि चंदन कुमार एक युवा और प्रतिभाशाली पेशेवर थे और उनकी मृत्यु के कारणों का पता लगाने और दोषियों की पहचान करने के लिए कनाडा में जांच चल रही है।

श्री परमेश्वर ने बताया कि उन्होंने कनाडा में चंदन के दोस्तों से बात की है और उम्मीद है कि जांच से जल्द ही तथ्य सामने आएंगे। उन्होंने बताया कि पार्थिव शरीर को लेप लगा दिया गया है और बुधवार को इसे कनाडा में रखा जाएगा ताकि दोस्त और पड़ोसी अंतिम विदा दे सकें। उन्होंने कहा, "संभावित रूप से पार्थिव शरीर के शनिवार तक यहां पहुंचने की उम्मीद है।"गृह मंत्री ने कहा, "उनकी हत्या क्यों की गई, इस बारे में अभी तक कोई जानकारी नहीं है। वह अपने माता-पिता के इकलौते बेटे थे और यह एक बहुत ही दुखद घटना है। वह एक प्रतिभाशाली व्यक्ति थे, जो कनाडा गए और प्रोजेक्ट डायरेक्टर के रूप में काम किया। मैं बहुत दुखी हूं और परिवार के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करता हूं।"श्री परमेश्वर ने कहा कि कनाडा के अधिकारियों को उचित कार्रवाई करनी चाहिए और भारतीय उच्चायोग इस मामले से अवगत है। उन्होंने कहा, "पार्थिव शरीर को जल्द से जल्द भारत भेजने के लिए सभी प्रक्रियाएं पूरी की जा रही हैं।"इस बीच, केंद्रीय भारी उद्योग एवं इस्पात मंत्री एच.डी. कुमारस्वामी ने चंदन कुमार के पिता नंदन कुमार से फोन पर बात की और उनके बेटे की मौत पर शोक व्यक्त किया। श्री कुमारस्वामी ने उन्हें मजबूत बने रहने को कहा और बताया कि पार्थिव शरीर को भारत वापस लाने के लिए व्यवस्था की गई है। उन्होंने कहा कि विदेश मंत्रालय कनाडा के अधिकारियों के संपर्क में है। उन्होंने बेंगलुरु लौटने के बाद परिवार से मिलने की बात भी कही।

गौरतलब है कि चंदन कुमार(37) की सात फरवरी को टोरंटो में एक व्यस्त शॉपिंग सेंटर की पार्किंग में अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। रविवार को जारी एक बयान में टोरंटो पुलिस ने पीड़ित की पहचान ग्रेटर टोरंटो क्षेत्र के ब्रैम्पटन निवासी चंदन कुमार राजा नंदनकुमार के रूप में की।

पुलिस ने बताया कि चंदन अपनी एसयूवी के अंदर बैठे थे, तभी हमलावरों ने स्थानीय समयानुसार दोपहर करीब 3:30 बजे रेक्सडेल बुलेवार्ड के पास वुडबाइन शॉपिंग सेंटर के प्रवेश द्वार के पास गोलीबारी शुरू कर दी। घटनास्थल के दृश्यों में सफेद वाहन गोलियों से छलनी दिखाई दे रहा था। जांचकर्ता इस घटना को लक्षित हमला मान रहे हैं। हमलावर एक वाहन में सवार होकर मौके से फरार हो गए।

बेंगलुरु के सप्तगिरी कॉलेज से कंप्यूटर साइंस स्नातक चंदन करीब छह साल पहले कनाडा चले गए थे और एलएंडटी की सहायक कंपनी एलटीआई माइंडट्री के साथ काम कर रहे थे। इससे पहले उन्होंने बेंगलुरु में कॉग्निजेंट के साथ काम किया था।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित