रियाद , जुलाई 29 -- खाड़ी सहयोग परिषद (जीसीसी) के महासचिव जासेम मोहम्मद अल-बुदैवी ने इराक में ईरान समर्थित समूहों द्वारा सऊदी अरब के खिलाफ किए जा रहे 'लगातार आतंकवादी हमलों' की कड़ी निंदा की है और चेतावनी दी है कि ये घटनाएं क्षेत्रीय सुरक्षा के लिए बड़ा खतरा हैं।
श्री अल-बुदैवी ने कहा कि ये हमले एक 'खतरनाक तनाव' और सऊदी अरब की संप्रभुता का 'घोर उल्लंघन' हैं, जो देश की सुरक्षा व स्थिरता के साथ-साथ क्षेत्रीय शांति के लिए सीधा खतरा पैदा करते हैं।
जीसीसी महासचिव ने एक बयान में कहा, "जीसीसी देश सऊदी अरब के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़े हैं और अपनी सुरक्षा, संप्रभुता एवं क्षेत्रीय अखंडता की रक्षा के लिए उसके द्वारा उठाए जाने वाले सभी फैसलों का पूरी तरह समर्थन करते हैं।" उन्होंने कहा कि इस तरह के हमलों का जारी रहना तनाव कम करने और क्षेत्रीय स्थिरता को मजबूत करने के अंतरराष्ट्रीय प्रयासों को कमजोर करता है।
सऊदी अरब के विदेश मंत्रालय के अनुसार, विदेश मंत्री शहजादा फैसल बिन फरहान अल साउद ने क्षेत्रीय तनाव को कम करने के प्रयासों पर कतर, कुवैत और बहरीन के अपने समकक्षों के साथ विचार-विमर्श किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित