उदयपुर , फरवरी 23 -- राजस्थान में उदयपुर में पिम्स मेवाड़ कप में सोमवार को खेले गए मुकाबलों में जीसीए ने सेमीफाइनल में क्रॉसरोड्स इंटरनेशनल स्कूल को एकतरफा मुकाबले में 138 के भारी अंतर से परास्त करके फाइनल में प्रवेश कर लिया।
फील्ड क्लब मैदान पर हुये इस मुकाबले में जीसीए पहले बल्लेबाजी करते हुए 18 ओवर में 217 रन बनाकर ऑलआऊट हो गयी। इसमें अहान पोद्दार ने 31 बॉल में 57, स्मित पटेल ने 27 बॉल में 50 रन का योगदान दिया। क्रॉसरोड्स इंटरनेशनल स्कूल के ब्रजेश शर्मा ने तीन विकेट लिए। जवाब में जीत का लक्ष्य लेकर उतरी क्रॉसरोड्स इंटरनेशनल स्कूल की शुरूआत बेहद खराब रही।
टीम ने पावर प्ले में ही तीन विकेट खो दिए। इसके बाद लगातार विकेट गिरते रहे और टीम को संभलने का मौका ही नहीं मिला। पूरी टीम मात्र 79 रन पर ही सिमट गई। जीसीए के हेमांग पटेल ने 25 रन देकर पांच विकेट झटके।
इससे पहले खेले गए पहले सेमीफाइनल में उदयपुर लेकसिटी वारियर्स की टीम ने 20 ओवर में 186 का स्कोर खड़ा किया। सिद्धार्थ पाटीदार ने 42 बॉल में दो छक्कों एवं छह चौकों की मदद से 56 रन का योगदान दिया। जवाब में आदित्यम रियल स्टेट्स की टीम 19 ओवर में 165 रन पर सिमट गयी और मुकाबला 21 रन से गंवा बैठी। पंकज कुमार ने चार छक्कों एवं आठ चौकों से सजी 74 रन की पारी खेली, पर वह टीम को जीत नहीं दिला सके। पी आकाश ने भी 17 बॉल पर 41 रन बनाए।
उदयपुर लेकसिटी वारियर्स के इरफान ने घातक गेंदबाजी का प्रदर्शन करते हुए चार ओवर में 11 रन देकर छह विकेट अपने नाम किए। सिदकसिंह ने दो विकेट लिए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित