‎ महिला समूहों के आर्थिक एवं तकनीकी सशक्तिकरण पर जोरदरभंगा , फरवरी 06 -- राष्ट्रीय ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज संस्थान (एनआईआरडी), हैदराबाद (सेंटर ऑफ एक्सीलेंस) के निदेशक तथा भारतीय प्रशासनिक सेवा के सेवानिवृत्त अधिकारी जे. आर. के. राव ने महिला समूहों के आर्थिक एवं तकनीकी सशक्तिकरण पर अध्ययन के उद्देश्य से दरभंगा का दो दिवसीय भ्रमण किया और कहा कि जीविका से जुड़ी महिला स्वयं सहायता समूहों एवं सामुदायिक संस्थाओं को सशक्त बनाने में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) की भूमिका को समझना एवं उसके उपयोग को बढ़ावा देना आवश्यक है।

अपने दरभंगा प्रवास के प्रथम दिन श्री राव ने दरभंगा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में संचालित जीविका दीदी की रसोई का अध्ययन किया। इस दौरान उन्होंने दीदियों की कार्यशैली, पाक कला, तकनीकी कौशल एवं प्रबंधन व्यवस्था का गहन अवलोकन किया। वे दीदी की रसोई के कार्यों से अत्यंत प्रसन्न हुए तथा भोजन की गुणवत्ता, स्वच्छता एवं सस्ती दरों की जमकर सराहना की।

श्री राव के साथ जिला अतिथि गृह में विभिन्न प्रखंडों की जीविका दीदियों से संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान उन्होंने दीदियों के अनुभव, आवश्यकताओं एवं चुनौतियों पर चर्चा की तथा आधुनिक तकनीकी एवं वित्तीय सहयोग के विस्तार पर विचार-विमर्श किया। जीविका दीदियों ने भी इस संवाद के दौरान अपनी तरफ से कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए।

इस दौरान बेनीपुर की फूल देवी ने बताया कि जीविका से जुड़ने के बाद उनके जीवन में बड़ा बदलाव आया है। पहले उनकी आर्थिक स्थिति बहुत कमजोर थी, लेकिन अब वे प्रति माह 25 से 30 हजार रुपये तक की आय कर रही हैं जिससे उनका आत्मविश्वास बढ़ा है। उन्होंने अधिक वित्तीय सहयोग मिलने पर सिलाई केंद्र संचालन की इच्छा भी जताई।

अपने प्रवास के दौरान जे. आर. के. राव ने सिंहवाड़ा प्रखंड के सिमरी स्थित साधना ग्राम संगठन एवं उज्जवला कृषि उत्पादक कंपनी का निरीक्षण किया। उन्होंने आजीविका गतिविधियों की समीक्षा की और महिला सदस्यों से संवाद किया। इस दौरान जीविका दीदियों ने अपने व्यवसाय को और विस्तार देने का संकल्प दोहराया। उत्पादन से जुड़ी दीदियों ने आधुनिक मशीनें क्रय कर रोजगार के अवसर बढ़ाने के लिए कहा। कृषि एवं पशुपालन से जुड़ी दीदियों ने उत्पादन क्षमता बढ़ाने तथा पशुओं की संख्या में वृद्धि करने का संकल्प व्यक्त किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित