जालौन , मार्च 29 -- उत्तर प्रदेश के जालौन स्थित राजकीय मेडिकल कॉलेज गंभीर हृदय और स्नायु तंत्र संबंधी आपात स्थितियों में मरीजों के लिए जीवनरक्षक सेवाओं का प्रमुख केंद्र बनता जा रहा है। कॉलेज के प्रचारक अरविंद त्रिवेदी ने बताया कि बीते तीन महीनों में हृदय संबंधी समस्याओं से ग्रसित 1170 मरीजों को आपातकालीन चिकित्सा उपलब्ध कराई गई। इनमें से 25 मरीजों में हार्ट अटैक की पुष्टि होने पर उन्हें तत्काल थ्रांबोलिसिस उपचार दिया गया, जिससे उनकी जान बचाई जा सकी।
इसी अवधि में स्ट्रोक (पक्षाघात) के पांच मरीजों को सेरेब्रल थ्रांबोलिसिस सुविधा प्रदान की गई। विशेषज्ञों के अनुसार, हार्ट अटैक के मरीज यदि 6 घंटे के भीतर और स्ट्रोक के मरीज 2 घंटे के भीतर अस्पताल पहुंच जाएं, तो इस उपचार की सफलता की संभावना काफी बढ़ जाती है।
मेडिकल कॉलेज में सीटी स्कैन सहित सभी आवश्यक जांच सुविधाएं उपलब्ध हैं और विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम मरीज की स्थिति का आकलन कर उपचार का निर्णय लेती है। थ्रांबोलिसिस के लिए आवश्यक दवाएं भी पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं और यह सुविधा मरीजों को निशुल्क दी जा रही है।
आपातकालीन और मेडिसिन विभाग के संयुक्त प्रयास से संचालित यह सेवा जालौन और आसपास के जिलों के मरीजों के लिए बड़ी राहत साबित हो रही है। कॉलेज प्रशासन का कहना है कि गंभीर रोगियों को समय पर प्रभावी उपचार उपलब्ध कराने के लिए सेवाओं को लगातार सुदृढ़ किया जा रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित