पुणे , अप्रैल 20 -- हेल्प राइडर्स संगठन ने जीवन बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले लोगों को सम्मानित करने के लिए 'संजीवनी लाइफसेवर अवॉर्ड-2026' की घोषणा की है।

आपात स्थितियों में त्वरित सहायता और मानवीय सेवा के लिए पहचाने जाने वाले इस संगठन ने ट्रैफिक जाम में फंसी एंबुलेंस को रास्ता दिलाने, सड़क दुर्घटना के घायलों को अस्पताल पहुंचाने और जरूरत के समय तत्काल मदद पहुंचाने जैसे कार्यों से समाज में अपनी अलग पहचान बनायी है।

संस्थापक-अध्यक्ष प्रशांत कनौजिया के नेतृत्व में यह पहल तेजी से बढ़ी है और इसमें बड़ी संख्या में स्वयंसेवक सामाजिक सेवा से जुड़े हैं।

कोविड-19 महामारी के दौरान संगठन ने प्लाज्मा, दवाइयों और आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति कर कई लोगों की जान बचाने में योगदान दिया। इसके अलावा बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत कार्य और छात्रों को शैक्षणिक सामग्री वितरित कर सामाजिक जिम्मेदारी निभाई है।

वर्तमान में संगठन का विस्तार कई शहरों तक हो चुका है और सैकड़ों स्वयंसेवक इससे जुड़े हुए हैं।

पुणे श्रमिक पत्रकार संघ में आयोजित प्रेस वार्ता में प्रशांत कनौजिया ने ऐसे नागरिकों से आगे आने की अपील की, जिन्होंने किसी की जान बचाने, दुर्घटना पीड़ितों की मदद करने या आपात स्थिति में पहल की हो। उन्होंने महाराष्ट्र सहित देशभर के लोगों से अपने योगदान को संगठन के साथ पंजीकृत कराने का भी आग्रह किया।

इस अवसर पर समन्वयक अनुपम शाह, बालासाहेब धमाले और श्रीकांत कापसे भी उपस्थित थे।

संजीवनी लाइफसेवर अवॉर्ड समारोह शनिवार को पुणे में आयोजित किया जाएगा। यह इस पुरस्कार का पहला वर्ष है और संगठन इसे हर वर्ष आयोजित करने की योजना बना रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित