जीरकपुर , अप्रैल 13 -- पंजाब के जीरकपुर में सोमवार को ढकोली स्थित सुषमा कैपिटल कमर्शियल कॉम्प्लेक्स में एक बेकाबू कार लोअर ग्राउंड में बने शोरूम में जा घुसी। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और लोगों की भीड़ जमा हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ढकोली निवासी एक महिला अपनी कार से कॉम्प्लेक्स के गेट नंबर-2 से अंदर दाखिल हुई थी। उसने वाहन को पार्किंग में खड़ा किया और खरीदारी के लिए चली गई। बताया जा रहा है कि कार गियर में ही थी और हैंडब्रेक सही तरीके से नहीं लगाया गया था।
कुछ समय बाद जब महिला वापस लौटी और कार स्टार्ट की, तो वाहन अचानक झटके से आगे बढ़ा और बेकाबू हो गया। महिला कुछ समझ पाती, उससे पहले ही कार तेज रफ्तार से लोअर ग्राउंड की ओर उतर गई और एक शोरूम का शीशा तोड़ते हुए अंदर जा घुसी।
हादसे के समय बेसमेंट में कोई ग्राहक या राहगीर मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा नुकसान टल गया। आवाज सुनकर आसपास मौजूद लोग और सुरक्षाकर्मी तुरंत मौके पर पहुंचे।
कार चला रही महिला को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया और उसे कोई गंभीर चोट नहीं आई। बाद में हाइड्रा क्रेन की मदद से कार को शोरूम से बाहर निकाला गया।
पुलिस जांच के बाद दोनों पक्षों के बीच आपसी समझौता हो गया। कार मालिक ने नुकसान की भरपाई करने पर सहमति जताई, जिसके चलते कोई आधिकारिक शिकायत दर्ज नहीं की गई।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित