मोहाली , मई 28 -- पंजाब में मोहाली के जीरकपुर में ट्रैफिक पुलिस कर्मी पर रिश्वत लेने के आरोप का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। दावा किया जा रहा है कि पुलिस कर्मी चालान से बचाने के बदले पैसे लेते हुए दिखाई दे रहा है। वीडियो में ट्रैफिक बूथ के बाहर एक युवक सहायक उपनिरीक्षक (एएसआई) से बातचीत करता दिखाई दे रहा है।
वायरल वीडियो के अनुसार युवक पहले 500 रुपये देने की बात करता है लेकिन एएसआई अधिक रकम मांगता सुनाई देता है। इसके बाद युवक बाहर खड़े दूसरे व्यक्ति से पैसे लेकर एएसआई को देता नजर आता है। बातचीत के दौरान युवक चालान न काटने और खींची गई फोटो डिलीट करने की बात भी करता है। इस पर एएसआई उसे चालान न करने का भरोसा देता दिखाई देता है।
एएसआई सोहन सिंह ने हालांकि आरोपों को गलत बताया है। उनका कहना है कि वीडियो को गलत तरीके से पेश किया गया है। उन्होंने किसी भी तरह की रिश्वत लेने से इनकार किया। उनके मुताबिक युवक खुद पैसे देने की कोशिश कर रहे थे लेकिन उन्होंने पैसे नहीं लिए और बाद में बिना चालान के छोड़ दिया गया।
मामले पर पुलिस अधीक्षक (एसपी) ट्रैफिक मोहाली नवनीत सिंह महल ने कहा कि अभी तक वीडियो उनके पास नहीं पहुंचा है। यदि वीडियो में कोई अनियमितता सामने आती है तो मामला एसएसपी मोहाली के संज्ञान में लाकर नियमानुसार जांच और कार्रवाई की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित