जीरकपुर , अक्टूबर 14 -- पंजाब के मोहाली के जीरकपुर मे जिले के जीरकपुर स्थित बलटाना इलाके में आम आदमी पार्टी (आप) के नेता और पूर्व पार्षद नीतू चौधरी के घर पर मंगलवार देर रात गोलीबारी की गई। मोटरसाइकिल पर सवार दो हमलावरों ने घर पर करीब आठ गोलियां चलाईं।

परिजनों के अनुसार गोलियां घर की दीवारों और मुख्य गेट पर लगीं, जिनके निशान मौके पर मौजूद हैं। वारदात के बाद हमलावर फरार हो गए। घटना से इलाके में दहशत का माहौल है। परिजनों ने बताया गोलियों की आवाज सुनकर जब घर से बाहर निकलकर हमलावरों को देखने की कोशिश की गई, तब तक वे मोटरसाइकिल पर सवार होकर फरार हो चुके थे। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की।

पूर्व पार्षद ने बताया कि उन्हें कथित तौर पर डॉनी बल गैंग के नाम से पहले भी धमकियां मिल चुकी हैं। इस संबंध में उन्होंने जीरकपुर पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। अब उनके घर पर फायरिंग होने के बाद सुरक्षा को लेकर सवाल उठ रहे हैं। हालांकि, पुलिस ने अभी तक यह पुष्टि नहीं की है कि ताजा वारदात के पीछे उसी गैंग का हाथ है या इसके पीछे कोई अन्य रंजिश है।

घटनास्थल पर फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने मौके से साक्ष्य जुटाए। पुलिस गोलियों के निशानों की जांच कर रही है और बरामद खोलों को जांच के लिए भेजा गया है। हमलावरों की पहचान के लिए पुलिस टीमें गठित की गई हैं। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जाएगी, ताकि हमलावरों की संख्या, उनके आने-जाने के रास्ते और इस्तेमाल किए गए वाहन के बारे में जानकारी मिल सके।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित