रायगढ़ , अक्टूबर 27 -- छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में सरकारी उचित मूल्य की दुकानों से चावल और शक्कर चोरी करने वाले गिरोह का पुलिस ने खुलासा करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने शक्कर की बोरी में जीपीएस ट्रैकर लगाकर आरोपियों तक पहुंचने में सफलता हासिल की। गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से 115 बोरी चावल, दो बोरी शक्कर और चोरी में इस्तेमाल की गई दो कारों सहित कुल 38 लाख 60 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की गई है।

पुलिस ने मंगलवार को बताया कि जिले के पुसौर थाना क्षेत्र में पिछले कुछ समय से सरकारी राशन दुकानों में लगातार चोरी की घटनाएं सामने आ रही थीं। अज्ञात चोर रात के समय दुकानों से चावल और शक्कर की बोरियां चोरी कर फरार हो जाते थे। लगातार हो रही इन वारदातों को देखते हुए पुलिस ने आरोपियों को पकड़ने के लिए विशेष रणनीति तैयार की और राशन दुकान संचालकों को जीपीएस ट्रैकर के इस्तेमाल की सलाह दी।

इसी योजना के तहत एक राशन दुकान में शक्कर की बोरी के भीतर जीपीएस ट्रैकर छिपाकर रखा गया। इस बीच 25 और 26 अक्टूबर की दरमियानी रात पुसौर थाना क्षेत्र के ग्राम कोतमरा स्थित सरकारी राशन दुकान में चोरी की वारदात हुई। आरोपी अन्य सामान के साथ जीपीएस ट्रैकर लगी शक्कर की बोरी भी अपने साथ ले गए।

वारदात की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने जीपीएस लोकेशन के आधार पर आरोपियों का पीछा किया। ट्रैकर से मिले संकेतों के जरिए पुलिस टीम पत्थलगांव पहुंची, जहां चोरी का राशन बरामद किया गया। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गिरोह के पांच सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित