रांची , मार्च 27 -- झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने सभी खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि खेल केवल जीत-हार तक सीमित नहीं होते, बल्कि ये अनुशासन, संघर्ष, टीम भावना और आत्मविश्वास का भी पाठ सिखाते हैं।
श्री गंगवार ने ठाकुर विश्वनाथ शाहदेव इनडोर स्टेडियम, मेगा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, होटवार, राँची में आयोजित 28वें सब-जूनियर राष्ट्रीय सेपक टकरा चैंपियनशिप-2026 के समापन समारोह में आज कहा कि प्रतियोगिता में भाग लेने वाले खिलाड़ी न केवल अपने-अपने राज्यों का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं, बल्कि देश के उज्ज्वल भविष्य के प्रतीक भी हैं। उन्होंने ने कहा कि सेपक टकरा खेल को देश में नई पहचान मिल रही है और झारखण्ड भी इस दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। ऐसे आयोजन खेल प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने के साथ-साथ राष्ट्रीय एकता एवं भाईचारे को भी सुदृढ़ करते हैं।
श्री गंगवार ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में "खेलो इंडिया" जैसे अभियानों के माध्यम से देश में खेलों को नई ऊर्जा एवं दिशा मिली है, जिससे युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के व्यापक अवसर प्राप्त हो रहे हैं।
राज्यपाल श्री गंगवार ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि जीत और हार जीवन का हिस्सा हैं, किंतु समर्पण, अनुशासन और निरंतर प्रयास ही वास्तविक सफलता की कुंजी हैं। उन्होंने सभी विजेता खिलाड़ियों को बधाई दी तथा अन्य प्रतिभागियों को निराश न होकर आगे और बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।
श्री गंगवार ने आयोजन समिति, प्रशिक्षकों एवं सभी सहयोगियों को इस सफल आयोजन के लिए बधाई देते हुए खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित