सीतापुर , फरवरी 28 -- उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले में शहर कोतवाली पुलिस एवं स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) टीम ने शनिवार को आरएनपी स्कूल के पास सड़क से गैर-राज्यों में जीएसटी टैक्स चोरी करने वाले अंतर्जनपदी गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया है। अपर पुलिस अधीक्षक (अपराध) विनायक भोसले ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्तों में सोना उर्फ आशीष, कुलदीप सिंह, विवेक कुमार (निवासी जनपद आगरा) तथा सूरज रावत (निवासी अल्मोड़ा) शामिल हैं। पुलिस ने उनके कब्जे से दो लाख 30 हजार रुपये नकद, आठ मोबाइल फोन, 23 सिम कार्ड, एक एटीएम कार्ड, एक पैन कार्ड, एक चेक बुक, तीन पासबुक, चार डायरी के पन्ने, पीली धातु की अंगूठी, विभिन्न कंपनियों के 70 रजिस्ट्रेशन प्रमाण पत्र, आधार कार्ड की प्रतियां, दो मूल आधार कार्ड, बिजली बिल की प्रतियां तथा बिना नंबर प्लेट का एक चार पहिया वाहन बरामद किया है।

जांच में सामने आया है कि गिरोह ने तमिलनाडु, कर्नाटक, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और उत्तर प्रदेश समेत विभिन्न राज्यों में 1000 से अधिक फर्जी जीएसटी फर्म बनाकर इनपुट टैक्स क्रेडिट (आईटीसी) की चोरी की है। पूछताछ में करीब 1200 से अधिक फर्जी फर्मों के संचालन की जानकारी मिली है।

पुलिस के अनुसार अभियुक्त संगठित गिरोह बनाकर भोले-भाले लोगों को नौकरी दिलाने का झांसा देकर उनके दस्तावेज हासिल कर लेते थे और उनके नाम पर फर्जी फर्म बनाकर जीएसटी पंजीकरण कराते थे। इन फर्जी कंपनियों के माध्यम से करोड़ों रुपये की कर चोरी कर सरकार को भारी आर्थिक नुकसान पहुंचाया गया।

बताया गया कि गिरोह ने पूजा सिंह के नाम से सीतापुर में एक कंपनी बनाकर जीएसटी रजिस्ट्रेशन कराया और फर्जी बिलिंग के जरिए धन अर्जित किया। पूरे नेटवर्क का संचालन सोना उर्फ आशीष की देखरेख में किया जा रहा था। पुलिस ने सभी आरोपियों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश कर जेल भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित