देहरादून , जनवरी 21 -- जीएसटी अपील अधिकरण की उत्तराखंड की राजधानी देहरादून बेंच बुधवार को पूर्ण रूप से कार्यरत हो गई।

आधिकारिक सूत्रों ने कहा कि आज बेंच के सदस्य आनंद शाह, सदस्य तकनीकी (केंद्रीय), राजेश जैन, सदस्य न्यायिक, तथा नरेश कत्याल, सदस्य न्यायिक ने औपचारिक रूप से कार्यभार ग्रहण किया। इस अवसर पर केंद्रीय वस्तु एवं सेवाकर आयुक्तालय, देहरादून तथा राज्य जीएसटी के कई वरिष्ठ पदाधिकारी भी मौजूद रहे। इसके अतिरिक्त जीएसटी अपील अधिकरण के सदस्यों द्वारा प्रिसिंपल बेंच के साथ एक वेबिनॉर का भी आयोजन हुआ।

सूत्रों के अनुसार, यह कदम जीएसटी व्यवस्था में विवाद समाधान की प्रक्रिया को मजबूत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर है। जीएसटी अपील अधिकरण सीजीएसटी एवं एसजीएसटी दोनों की राजस्व सुरक्षा करता है तथा जीएसटी में निष्पक्ष, संतुलित विवाद समाधान प्रदान करता है। देहरादून बेंच के शुरू होने से उत्तराखंड एवं आसपास के करदाताओं को तेज, निष्पक्ष अपील समाधान मिलेगा। यह जीएसटी परिषद एवं वित्त मंत्रालय की देशव्यापी बेंच सक्रिय करने की प्रतिबद्धता का हिस्सा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित