जयपुर , अक्टूबर 27 -- राजस्थान के उदयपुर में आगामी 16 एवं 17 दिसंबर को होने वाले ग्लोबल स्टोन टेक्नोलॉजी फोरम (जीएसटीएफ) 2026 के 11वें संस्करण के लिए पंजीकरण का मंगलवार को यहां शुभारंभ किया गया।
राज्य औद्योगिक विकास एवं निवेश निगम (रीको) के प्रबंध निदेशक सुरेश ओला ने उद्योग भवन में एक कार्यक्रम में जीएसटीएफ की ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन वेबसाइट जीएसटीएफडाटइन का लोकार्पण किया।
लघु उद्योग भारती के राष्ट्रीय संयुक्त महासचिव नरेश पारीक ने बताया कि इस आयोजन में एक हजार से अधिक प्रतिनिधि भाग लेंगे। इस वेबसाइट के माध्यम से अब उद्यमी, प्रदर्शक, प्रतिभागी एवं आगंतुक घर बैठे सरलता से आयोजन के लिए ऑनलाइन पंजीकरण कर सकेंगे। वेबसाइट पर आयोजन से संबंधित सभी आवश्यक जानकारी भी उपलब्ध रहेगी, जिससे देश-प्रदेश के अधिक से अधिक लोग इस आयोजन से जुड़ सकें।
जीएसटीएफ 2026 का आयोजन लघु उद्योग भारती के सहयोग से किया जा रहा है, जिसमें देशभर से उद्यमियों एवं उद्योग जगत से जुड़े प्रतिनिधियों की भागीदारी रहेगी।
लघु उद्योग भारती के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं जीएसटीएफ-2026 के संयोजक नटवर लाल अजमेरा ने बताया कि यह आयोजन स्टोन इंडस्ट्री में मील का पत्थर साबित होगा और इसके तहत विश्व भर की नवीन तकनीक भारत के उद्यमियों को बताई एवं समझी जाती है। उद्योग जगत से जुड़ी समस्याओं को सुनकर उनके समाधान का प्रयास भी किया जाता है।
इस अवसर पर रीको के कार्यकारी निदेशक आकाश तोमर, लघु उद्योग भरती की राष्ट्रीय सचिव अंजू सिंह, वाइस चेयरमैन, सी-डॉस दीपक अजमेरा, सीईओ सी-डॉस मुकुल रस्तोगी, लघु उद्योग भारती के पूर्व राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष योगेश गौतम, कार्यकारी सदस्य, सी-डॉस संजीव मोदी एवं सी-डॉस सदस्य दिनेश खेतान मौजूद थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित