रांची , सितंबर 11 -- झारखंड के कोडरमा जिले में जेएसएससी-सीजीएल परीक्षा में कथित पेपर लीक मामले की जांच कर रही सीआईडी की टीम ने कल देर रात अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर दो युवकों को हिरासत में लिया।

दोनों को पूछताछ के लिए रांची ले जाया गया है। हिरासत में लिए गए युवकों की पहचान डोमचांच थाना क्षेत्र के गोलवाढाब निवासी राजेश प्रसाद यादव और कोडरमा थाना क्षेत्र के पूर्णानगर निवासी संदीप कुमार के रूप में हुई है।

कोडरमा थाना प्रभारी अरविंद कुमार के अनुसार, सीआईडी की टीम ने पहले मामले में हिरासत में लिए गए कुछ लोगों से पूछताछ की थी। पूछताछ के दौरान कोडरमा के कुछ युवकों के साथ उनके संपर्क की जानकारी सामने आई। इसके बाद सीआईडी की टीम ने देर रात कोडरमा में अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई की।

बताया गया कि सीआईडी टीम ने डोमचांच थाना क्षेत्र के गोलवाढाब स्थित राजेश प्रसाद यादव के घर पर छापेमारी कर उन्हें हिरासत में लिया। इसके बाद कोडरमा थाना क्षेत्र के पूर्णानगर से संदीप कुमार को हिरासत में लिया गया। दोनों को रांची ले जाकर पूछताछ की जा रही है।

हिरासत में लिए गए राजेश प्रसाद यादव यूट्यूबर हैं। वहीं, संदीप कुमार 'सावित्री सुंदर' नाम से एक ट्रस्ट चलाते हैं। वह मूल रूप से गिरिडीह जिले के राजधनवार के रहने वाले बताए जाते हैं। हाल के दिनों में उन्होंने कोडरमा के पूर्णानगर में मकान बनाकर परिवार के साथ रहना शुरू किया था। स्थानीय लोगों के अनुसार, राजेश और संदीप आपस में दोस्त भी हैं।

हालांकि, अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि जेएसएससी-सीजीएल परीक्षा में दोनों की क्या भूमिका थी और जांच एजेंसी को उनसे किस तरह की जानकारी मिली है। सीआईडी की पूछताछ के बाद ही उनकी कथित भूमिका को लेकर स्थिति स्पष्ट होने की संभावना है।

सीआईडी की इस कार्रवाई को जेएसएससी-सीजीएल मामले में चल रही जांच की महत्वपूर्ण कड़ी के तौर पर देखा जा रहा है। जांच एजेंसी कथित पेपर लीक, अभ्यर्थियों की सेटिंग और प्रश्न-उत्तर उपलब्ध कराने वाले नेटवर्क से जुड़े लोगों की तलाश कर रही है। इसी क्रम में अलग-अलग जिलों में संदिग्ध लोगों से पूछताछ और छापेमारी की जा रही है।

कोडरमा में सीआईडी की कार्रवाई की जानकारी सामने आने के बाद जिले में जेएसएससी-सीजीएल मामले को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित