राजम (आंध्र प्रदेश) , फरवरी 17 -- आंध्र प्रदेश के विजयनगरम् जिला स्थित जीएमआर इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (जीएमआरआईटी) को शिक्षा मंत्रालय द्वारा यूजीसी अधिनियम के अंतर्गत "डीम्ड टू बी यूनिवर्सिटी" का दर्जा प्रदान किया गया है।
जिले के राजम स्थित इस इंजीनियरिंग एवं प्रौद्योगिकी संस्थान की स्थापना साल 1997 में की गयी थी। जीएमआर समूह अपनी कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) शाखा जीएमआर वरलक्ष्मी फाउंडेशन के माध्यम से इसका संचालन करता है। डीम्ड यूनिवर्सिटी का दर्जा मिलने के बाद संस्थान अपने शैक्षणिक और संस्थागत विस्तार के अगले चरण में प्रवेश कर रहा है।
जीएमआर समूह ने मंगलवार को एक प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि जीएमआरआईटी शैक्षणिक उत्कृष्टता, उद्योग से मजबूत जुड़ाव तथा नवाचार-आधारित बहुविषयक शिक्षा के लिए जाना जाता है। इसने परिणामोन्मुख शिक्षा, उद्योग के साथ और अनुशासित संस्थागत प्रबंधन के क्षेत्र में अपनी विशिष्ट पहचान बनायी है। वर्ष 2012 से इसका संचालन स्वायत्त संस्थान के रूप में किया जा रहा था।
संस्थान ने उद्योगों के साथ कई साझेदारियां की हैं, जिससे सभी विद्यार्थियों के लिए इंटर्नशिप सुनिश्चित होती है और अग्रणी भारतीय एवं वैश्विक नियोक्ताओं के साथ उत्कृष्ट प्लेसमेंट रिकॉर्ड बनाये रखा गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित