अलवर , मई 01 -- जयपुर में आयोजित ग्रेट इंडियन ट्रैवल बाज़ार (जीआईटीबी) में शामिल होने आये पोलैंड, थाईलैंड, स्लोवाकिया, अमेरिका, ब्रिटेन, ऑस्ट्रेलिया और हंगरी देशों के पर्यटक संचालकों के दल ने शुक्रवार को सरिस्का बाघ अभयारण्य क्षेत्र का भ्रमण करके प्राकृतिक सौंदर्य और वन्यजीवों के आवास का अवलोकन किया।

सरिस्का के संभागीय वन अधिकारी (डीएफओ) अभिमन्यु सहारण ने बताया कि वन विभाग सरिस्का के सहयोग से आयोजित परिचयात्मक भ्रमण के दौरान प्रतिनिधियों ने सरिस्का के समृद्ध वन्यजीव, पारिस्थितिकी पर्यटन की गतिविधियों और प्रसिद्ध टाइगर सफारी का अनुभव किया।

विस्तृत जंगल, प्राकृतिक परिदृश्य, विविध पक्षी प्रजातियों और शांत वातावरण ने सभी आगंतुकों को अत्यंत प्रभावित किया। पर्यटन संचालकों ने सरिस्का के प्राकृतिक सौंदर्य, जैव विविधता और संरक्षण प्रयासों की सराहना करते हुए इसे अंतरराष्ट्रीय पर्यटकों के लिए एक उत्कृष्ट गंतव्य बताया। उन्होंने कहा कि सरिस्का का आकर्षक जंगल, वन्यजीव और पर्यावरण के अनुकूल पर्यटन गतिविधियां वैश्विक स्तर पर पर्यटकों को आकर्षित करने की अपार संभावनाएं रखता है।

श्री सहारण ने अपने अनुभव को अद्वितीय और यादगार बताते हुए कहा कि वे अपने-अपने देशों में सरिस्का को एक प्रमुख पर्यटन स्थल के रूप में बढ़ावा देंगे। यह भ्रमण न केवल सरिस्का के पर्यटन को बढ़ावा देगा, बल्कि राजस्थान के पारिस्थितिकी पर्यटन और वन्यजीव संरक्षण के प्रयासों को भी अंतरराष्ट्रीय मंच पर नयी पहचान दिलाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित